Home » Breaking News » BJP में बड़ा फेरबदल! विनोद तावड़े को यूपी की कमान, पंजाब-गुजरात में भी बदले चेहरे, जानिए विस्तार से किसे कहा मिली जिम्मेदारी

BJP में बड़ा फेरबदल! विनोद तावड़े को यूपी की कमान, पंजाब-गुजरात में भी बदले चेहरे, जानिए विस्तार से किसे कहा मिली जिम्मेदारी

BJP News: भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात में संगठन को मजबूत करने के लिए नए प्रदेश प्रभारियों की नियुक्ति की है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने तीनों राज्यों के लिए प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए हैं। पार्टी की ओर से जारी आदेश के मुताबिक सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

यूपी में विनोद तावड़े को बड़ी जिम्मेदारी

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े को प्रदेश प्रभारी बनाया है। उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय सचिव जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उत्तर प्रदेश भाजपा के लिए सबसे महत्वपूर्ण राज्यों में से एक है। ऐसे में तावड़े की नियुक्ति को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। संगठनात्मक रणनीति, चुनावी प्रबंधन और जमीनी स्तर पर पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करना उनके सामने प्रमुख चुनौती होगी।

BJP News: पंजाब की कमान सतीश पूनिया को

भाजपा ने पंजाब की जिम्मेदारी राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनिया को सौंपी है। पार्टी की ओर से जारी नियुक्ति सूची में पंजाब के लिए केवल प्रदेश प्रभारी की घोषणा की गई है। फिलहाल किसी सह-प्रभारी के नाम का ऐलान नहीं किया गया है। पंजाब में संगठन को मजबूत करना और राज्य में भाजपा के जनाधार का विस्तार करना पूनिया के सामने अहम चुनौती होगी।

गुजरात में तरुण चुघ को जिम्मेदारी

गुजरात में भाजपा ने राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी और राज्यसभा सांसद तरुण चुघ को प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। चुघ वर्तमान में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। केंद्रीय कार्यालय से जारी नियुक्ति पत्र पर भी तरुण चुघ के हस्ताक्षर हैं। पत्र में उन्हें राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी के रूप में संबोधित किया गया है।

BJP News: एक दिन बाद ही हुई प्रदेश प्रभारियों की नियुक्ति

भाजपा ने इन नियुक्तियों से एक दिन पहले 17 अगस्त को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया था। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की टीम में कई वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। नई टीम में वसुंधरा राजे, राम माधव और स्मृति ईरानी जैसे प्रमुख नेताओं को अहम पद मिले हैं। वहीं, पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और बीएल संतोष को राष्ट्रीय संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।

प्रदेश प्रभारियों में बदलाव को भाजपा के व्यापक संगठनात्मक पुनर्गठन का हिस्सा माना जा रहा है। खासतौर पर उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले विनोद तावड़े की नियुक्ति को पार्टी की चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब इन तीनों राज्यों में नए प्रभारी संगठन को किस तरह दिशा देते हैं, इस पर राजनीतिक नजरें रहेंगी।

ये भी पढ़े… भिंड हादसे से दहले CM योगी, मृतकों के परिवारों के लिए किया 2-2 लाख रुपये का ऐलान