Home » चंडीगढ़ » चंडीगढ़ में भीषण धमाके, एक के बाद एक फटे 3 सिलेंडर, तीन मंजिला मकान हुआ तबाह, 3 गंभीर

चंडीगढ़ में भीषण धमाके, एक के बाद एक फटे 3 सिलेंडर, तीन मंजिला मकान हुआ तबाह, 3 गंभीर

चंडीगढ़ में गैस सिलेंडरों का विस्फोट

Chandigarh Cylinder Blast: चंडीगढ़ के बुड़ैल गांव में सोमवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक घर में लगातार तीन गैस सिलेंडरों में जोरदार धमाके हुए। धमाके इतने तेज थे कि तीन मंजिला मकान पूरी तरह तबाह हो गया। आसपास के घरों की दीवारें तक हिल गईं और पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया।

एक के बाद एक हुए तीन धमाके

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले एक जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले लगातार दो और धमाके हो गए। धमाकों की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए और इलाके में भगदड़ जैसे हालात बन गए।

Chandigarh Cylinder Blast: चंडीगढ़ में गैस सिलेंडरों का विस्फोट
चंडीगढ़ में गैस सिलेंडरों का विस्फोट

मलबे में दबे लोगों को निकाला गया

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और सीआरपीएफ की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी मेहनत के बाद मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, जिस घर में धमाके हुए वहां करीब 15 गैस सिलेंडर रखे हुए थे। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि यहां गैस सिलेंडरों की अवैध तरीके से बिक्री की जा रही थी। माना जा रहा है कि गैस रिसाव के कारण यह बड़ा हादसा हुआ।

Chandigarh Cylinder Blast:  जांच में जुटा प्रशासन

दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घर में इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडर क्यों रखे गए थे और हादसे की असली वजह क्या थी।

ये भी पढ़े: फिर महंगी हुई सीएनजी, दिल्ली में 83 रुपये के पार पहुंचे दाम…जानिए कहां कितने बढ़े दाम