Home » राष्ट्रीय » मध्य प्रदेश: पिपरिया-छिंदवाड़ा मार्ग पर बस पलटी, 15 घायल, पुलिस जांच में जुटी

मध्य प्रदेश: पिपरिया-छिंदवाड़ा मार्ग पर बस पलटी, 15 घायल, पुलिस जांच में जुटी

Chhindwara-Pipariya

Chhindwara-Pipariya: मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के पिपरिया से छिंदवाड़ा जा रही एक निजी बस रविवार को छिंदवाड़ा जिले के रेनिखेड़ा गांव के पास पलट गई। इस हादसे में 15 से अधिक यात्री घायल हो गए। पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की तलाश की जा रही है।

तेज रफ्तार या तकनीकी खराबी के कारण पलटी बस

हादसा रविवार सुबह करीब 10 बजे हुआ जब बस (एमपी 04 पीए 2644) सड़क किनारे अनियंत्रित होकर पलट गई। पुलिस का मानना है कि तेज रफ्तार या बस में कोई तकनीकी खराबी इसके कारण हो सकती है। प्राथमिक जांच में यह जानकारी मिली है कि बस तेज गति से चल रही थी, जिससे चालक का नियंत्रण बिगड़ गया। एक और संभावना यह है कि बस का स्टेयरिंग जाम हो गया हो, जिससे दुर्घटना हुई।

Chhindwara-Pipariya: घायलों को इलाज के लिए भेजा गया अस्पताल

घटना के बाद महुलझिर थाना पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल 10-11 यात्रियों को पिपरिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। तीन यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बस चालक अमर की हालत भी नाजुक है और उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

जांच शुरू, यातायात सामान्य हुआ

पुलिस ने क्रेन बुलाकर पलटी हुई बस को सड़क से हटवाया, जिससे यातायात सामान्य हो सका। महुलझिर थाने में मामला दर्ज किया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी लिए जा रहे हैं। यह मार्ग पिपरिया क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों, जैसे पचमढ़ी और तामिया जाने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण है।

ये भी पढ़ें…मुर्शिदाबाद: शहीद जवान मनीरुल इस्लाम का पार्थिव शरीर पहुँचा घर