Vivek Vihar Fire Incident: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विवेक विहार में हुए भीषण अग्निकांड पर गहरा दुख जताया है, जिसमें 9 लोगों की जान चली गई। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।
सीएम का ‘एक्स’ पर भावुक संदेश
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि यह घटना बेहद दर्दनाक है। 9 लोगों की मौत से वह बेहद व्यथित हैं। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही ईश्वर से प्रार्थना की कि परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति मिले।

राहत और बचाव कार्य में प्रशासन पूरी तरह सक्रिय
उन्होंने बताया कि स्थानीय प्रशासन, डीडीएमए, दिल्ली फायर सर्विस और दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार राहत और बचाव कार्य में लगे हुए हैं। स्थिति पर नजर रखी जा रही है और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद दी जा रही है। स्थानीय विधायक और नगर निगम पार्षद भी इस कार्य में सहयोग कर रहे हैं।
दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने भी इस हादसे पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना भी की।
वीरेंद्र सचदेवा ने किया घटनास्थल का दौरा
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि करीब 20 लोगों को बचाया गया, जबकि 9 लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि हादसे की पूरी जांच कराई जाएगी।
यह हादसा रविवार तड़के विवेक विहार फेज-1 में हुआ, जब एक बहुमंजिला रिहायशी इमारत में आग लग गई। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, एसी में ब्लास्ट होने के बाद आग लगी, जो कुछ ही मिनटों में कई मंजिलों तक फैल गई।

Vivek Vihar Fire Incident: मृतकों की पहचान हुई
इस हादसे में मरने वालों की पहचान कर ली गई है। अरविंद, अनीता जैन, निशांत जैन और आंचल जैन दूसरे फ्लोर पर रहते थे। पहले फ्लोर पर रहने वाली 45 वर्षीय शिखा जैन भी मृतकों में शामिल हैं। तीसरे फ्लोर पर रहने वाले नितिन जैन, शैली जैन और सम्यक जैन की भी मौत हो गई।
विवेक विहार का यह अग्निकांड इलाके में गहरे शोक की लहर छोड़ गया है। प्रशासन राहत कार्यों में जुटा है और हादसे के कारणों की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें…दिल्ली के शाहदरा में 4 मंजिला इमारत में आग, 9 की मौत, 10-15 लोग बचाए गए, एसी ब्लास्ट की आशंका








