Home » राष्ट्रीय » 4 दिन में सोशल मीडिया स्टार बनी कॉकरोच जनता पार्टी, इंस्टाग्राम पर BJP को पछाड़ा

4 दिन में सोशल मीडिया स्टार बनी कॉकरोच जनता पार्टी, इंस्टाग्राम पर BJP को पछाड़ा

Cockroach Janta Party: सोशल मीडिया पर इन दिनों ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम का एक नया ऑनलाइन अभियान तेजी से वायरल हो रहा है। यह शुरुआत में एक व्यंग्यात्मक अभियान के तौर पर शुरू हुआ था, लेकिन कुछ ही दिनों में यह बड़ा राजनीतिक ट्रेंड बन गया। सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की हो रही है कि लॉन्च के केवल चार दिनों के अंदर इस इंस्टाग्राम अकाउंट ने 90 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हासिल कर लिए।

भाजपा के इंस्टाग्राम अकाउंट को छोड़ा पीछे

इंस्टाग्राम पर @cockroachjantaparty नाम के अकाउंट ने 20 मई तक करीब 9.3 मिलियन यानी 93 लाख फॉलोअर्स जुटा लिए। वहीं भाजपा के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट @bjp4india के लगभग 8.7 मिलियन फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। हालांकि सोशल मीडिया पर कांग्रेस अब भी सबसे आगे बनी हुई है। कांग्रेस के इंस्टाग्राम अकाउंट @incindia पर करीब 13.2 मिलियन फॉलोअर्स हैं। वहीं आम आदमी पार्टी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर लगभग 1.9 मिलियन फॉलोअर्स मौजूद हैं।

Cockroach Janta Party:  कॉकरोच जनता पार्टी
कॉकरोच जनता पार्टी

कैसे शुरू हुआ यह अभियान?

यह ऑनलाइन अभियान 16 मई को सामने आया था। बताया जा रहा है कि इसकी शुरुआत युवाओं ने एक व्यंग्यात्मक आंदोलन के रूप में की। कहा जा रहा है कि सुप्रीम कोर्ट की एक सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस सूर्यकांत की कथित टिप्पणी के बाद यह ट्रेंड शुरू हुआ। शुरुआत में यह अभियान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मजाकिया अंदाज में चलाया गया, लेकिन जल्द ही यह युवाओं के बीच तेजी से वायरल हो गया।इसके अगले ही दिन इंस्टाग्राम अकाउंट लॉन्च किया गया और फिर इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती चली गई।

युवाओं के मुद्दों पर फोकस

यह प्लेटफॉर्म खुद को “युवाओं का, युवाओं के लिए और युवाओं द्वारा बनाया गया राजनीतिक मंच” बताता है। इसके ज्यादातर पोस्ट बेरोजगारी, परीक्षा पेपर लीक, राजनीतिक जवाबदेही और युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों पर आधारित हैं। यही वजह है कि बड़ी संख्या में युवा सोशल मीडिया यूजर्स इससे जुड़ते जा रहे हैं।

कुछ घंटों में लाखों फॉलोअर्स

इस अकाउंट की तेजी से बढ़ती लोकप्रियता ने सभी को चौंका दिया है। लॉन्च होने के सिर्फ 78 घंटे के भीतर ही इसके 30 लाख फॉलोअर्स हो गए थे। इसके बाद यह आंकड़ा लगातार बढ़ता गया और केवल चार दिनों में 90 लाख के पार पहुंच गया।

दिलचस्प बात यह है कि अकाउंट पर अब तक सिर्फ 56 पोस्ट ही शेयर की गई हैं। इसके बावजूद इसने कई पुराने और बड़े राजनीतिक संगठनों की सोशल मीडिया पहुंच को चुनौती दे दी है। तुलना करें तो भाजपा के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर अब तक 18 हजार से ज्यादा पोस्ट शेयर की जा चुकी हैं।

Cockroach Janta Party: भाजपा पर तंज भरे पोस्ट

भाजपा को इंस्टाग्राम फॉलोअर्स के मामले में पीछे छोड़ने के बाद इस अभियान की तरफ से कई व्यंग्यात्मक पोस्ट भी शेयर किए गए। एक पोस्ट में लिखा गया, “युवाओं की ताकत को कम मत आंकिए।” वहीं एक अन्य पोस्ट में “वर्ल्ड लार्जेस्ट पार्टी दे सेड” लिखकर भाजपा की संगठनात्मक ताकत पर कटाक्ष किया गया।

दूसरे प्लेटफॉर्म्स पर भी बढ़ रही लोकप्रियता

यह अभियान सिर्फ इंस्टाग्राम तक सीमित नहीं है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी इस अकाउंट के करीब 1.65 लाख फॉलोअर्स हो चुके हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह ट्रेंड युवाओं के भीतर बढ़ रही नाराजगी और सोशल मीडिया के जरिए राजनीतिक राय व्यक्त करने की नई शैली को दिखाता है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments