Home » मध्य प्रदेश » महंगाई के खिलाफ इंदौर में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, राजवाड़ा पर शक्कर-पनीर बांटकर सरकार को घेरा

महंगाई के खिलाफ इंदौर में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, राजवाड़ा पर शक्कर-पनीर बांटकर सरकार को घेरा

महंगाई पर इंदौर में कांग्रेस का प्रदर्शन

Congress Protest: बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार को मध्य प्रदेशभर में प्रदर्शन किया। इंदौर में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के अलग-अलग इलाकों में विरोध प्रदर्शन किया। राजवाड़ा और मंगल नगर पेट्रोल पंप समेत शहर के 24 ब्लॉक में कार्यकर्ताओं ने शक्कर, पेट्रोल-गैस और बिजली की बढ़ती कीमतों के खिलाफ आवाज उठाई। यह आंदोलन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर आयोजित किया गया।

राजवाड़ा पर शक्कर-पनीर बांटकर विरोध

राजवाड़ा पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोगों को शक्कर और पनीर बांटकर महंगाई के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं ने इसे आम लोगों पर बढ़ते आर्थिक दबाव का प्रतीक बताया। कांग्रेस का कहना है कि शक्कर की बढ़ती कीमतों का असर आने वाले त्योहारों में परिवारों के बजट पर साफ दिखाई देगा।शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने दावा किया कि शक्कर के दाम में 30 से 35 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के बाद गणेश चतुर्थी, श्राद्ध पक्ष, नवरात्र, दशहरा और दीपावली जैसे कई प्रमुख त्योहार आने वाले हैं। ऐसे में शक्कर महंगी होने से आम परिवारों की रसोई का खर्च और बढ़ सकता है।

Congress Protest: महंगाई पर इंदौर में कांग्रेस का प्रदर्शन
महंगाई पर इंदौर में कांग्रेस का प्रदर्शन
पेट्रोल, एथेनॉल और बिजली के दाम भी मुद्दा

कांग्रेस ने पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण और बिजली की बढ़ी हुई दरों को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। पार्टी का आरोप है कि पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने से वाहनों का माइलेज प्रभावित होता है, जिससे वाहन चालकों का खर्च बढ़ जाता है।इसके अलावा बिजली की बढ़ी दरों और घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों को लेकर भी कांग्रेस ने सरकार को घेरा। पार्टी का कहना है कि इन बढ़ी हुई कीमतों की वजह से आम परिवारों पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।

Congress Protest: शहर के कई हिस्सों में प्रदर्शन

इंदौर में कांग्रेस ने आंदोलन के लिए अलग-अलग स्थानों पर प्रभारियों की तैनाती की थी। चंदन नगर पेट्रोल पंप, बाणगंगा, स्कीम नंबर 51, एरोड्रम, मंगल नगर, परदेशीपुरा, स्कीम नंबर 54, रोबोट चौराहा, स्कीम नंबर 78, छावनी, हरसिद्धि मंदिर रोड, राजवाड़ा, माणिकबाग, गंगवाल बस स्टैंड, महू नाका, फूटी कोठी, तिलक नगर, गीताभवन, विकास नगर, मुसाखेड़ी, सिलिकॉन सिटी और तेजाजी नगर में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।कांग्रेस ने इन इलाकों में सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महंगाई के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। शहर के अलग-अलग हिस्सों में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के जरिए कांग्रेस ने इस आंदोलन को व्यापक रूप देने की कोशिश की।

महंगाई पर इंदौर में कांग्रेस का प्रदर्शन
महंगाई पर इंदौर में कांग्रेस का प्रदर्शन
चिंटू चौकसे ने सरकार पर साधा निशाना

प्रदर्शन के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने शक्कर की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राखी के त्योहार के समय शक्कर के दाम दोगुने हो गए हैं और सरकार निरंकुश हो गई है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने माइक पर ‘महंगाई डायन खाए जात है…’ गाना गाकर अपना विरोध जताया। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। कई कार्यकर्ता हाथों में कांग्रेस के झंडे, पोस्टर और बैनर लेकर प्रदर्शन करते नजर आए।एक बड़े बैनर पर ‘मोदी तेरा कैसा खेल, सारा शक्कर पी गया तेल’ और ‘महंगाई मुक्त भारत’ जैसे नारे लिखे गए थे। इन नारों के जरिए कांग्रेस ने महंगाई के मुद्दे पर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश जाहिर किया।

Congress Protest: राजवाड़ा पर ‘लोन’ में शक्कर बांटी

राजवाड़ा पर कांग्रेस ने महंगाई के खिलाफ अलग अंदाज में प्रदर्शन किया। यहां कार्यकर्ता लोगों को ‘लोन’ पर शक्कर देते नजर आए। इस प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस ने शक्कर की बढ़ती कीमतों को लेकर आम लोगों की परेशानी को सामने रखने की कोशिश की।कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि लगातार बढ़ती कीमतों से आम आदमी के लिए रोजमर्रा की जरूरतों का खर्च संभालना मुश्किल होता जा रहा है। शक्कर बांटने और ‘लोन’ पर शक्कर देने के प्रदर्शन के जरिए पार्टी ने सरकार का ध्यान महंगाई के बढ़ते असर की ओर खींचने का प्रयास किया।

ये भी पढ़ें…शादी के लिए दबाव, पीछा और फिर हत्या? 21 साल की मॉडल मुस्कान की मौत से तिलक नगर में सनसनी