Cyclone Arnab: दिल्ली-NCR में मौसम का मिजाज बदल गया है। बंगाल की खाड़ी से आए चक्रवात ‘अर्नब’ का असर राजधानी और आसपास के इलाकों में दिखाई देने लगा है। गुरुवार दोपहर बाद दिल्ली-NCR के कई इलाकों में घने बादल छा गए। वहीं, सुबह कुछ जगहों पर तेज बारिश भी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 29 अक्टूबर को आंधी-तूफान और बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। बारिश से दिल्ली-NCR के लोगों को बढ़ते प्रदूषण से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
Cyclone Arnab: दिल्ली-NCR में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, 29 अक्टूबर को दिल्ली-NCR में आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान आने की संभावना है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। शाम के समय भी बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की स्थानीय मौसम रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। वहीं, हवा में नमी का स्तर 65 से 95 प्रतिशत के बीच रह सकता है।
Cyclone Arnab: कल भी जारी रह सकता है बारिश का सिलसिला
मौसम विभाग ने शुक्रवार, 30 अक्टूबर को भी दिल्ली-NCR में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। हालांकि, 31 अक्टूबर से मौसम में सुधार होने की उम्मीद है। इस दिन आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है और तापमान 19 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
वहीं, 1 और 2 नवंबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों वाला या मुख्य रूप से साफ रह सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
बारिश से प्रदूषण में मिलेगी राहत?
दिल्ली-NCR में बारिश के बीच वायु गुणवत्ता भी चिंता का विषय बनी हुई है। कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) खराब से बहुत खराब श्रेणी में दर्ज किया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली के मुंडका में AQI 344 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। वहीं, नजफगढ़ में 243, नांगलोई में 260, नरेला में 242, मंदिर मार्ग और नॉर्थ कैंपस में 230-230 तथा द्वारका में 270 AQI दर्ज किया गया। नोएडा के कई इलाकों में भी प्रदूषण का स्तर ऊंचा बना हुआ है। सेक्टर-62 में AQI 276, सेक्टर-125 में 267, सेक्टर-110 में 259, सेक्टर-150 में 254 और सेक्टर-39 में 214 दर्ज किया गया। वहीं, सेक्टर-1 में AQI 181 और सेक्टर-116 में 165 रहा।
बारिश से हवा की गुणवत्ता में हो सकता है सुधार
मौसम विभाग के अनुसार, बारिश होने से हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के कुछ कण नीचे बैठ सकते हैं। इससे वायु गुणवत्ता में अस्थायी सुधार होने की संभावना है। अगर दिल्ली-NCR में अच्छी बारिश होती है, तो लोगों को प्रदूषण से कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि, राहत कितनी मिलेगी, यह बारिश की मात्रा, हवा की गति और मौसम की परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।
यह भी पढ़े- कांग्रेस में ‘SIR’ पर उभरे मतभेद, मंत्री सतीश जारकीहोली की बात मानें या राहुल गांधी की?








