Home » मध्य प्रदेश » दतिया में CM मोहन यादव का शक्ति प्रदर्शन, रोड शो में उमड़ा जनसैलाब; कांग्रेस को लगा बड़ा झटका

दतिया में CM मोहन यादव का शक्ति प्रदर्शन, रोड शो में उमड़ा जनसैलाब; कांग्रेस को लगा बड़ा झटका

Datia By-Election: दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में दो विशाल रोड शो कर चुनावी माहौल को पूरी तरह भाजपा के पक्ष में मोड़ने का प्रयास किया। दोनों रोड शो में हजारों की संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। मुख्यमंत्री ने जनता से भाजपा के पक्ष में मतदान कर आशुतोष तिवारी को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाने की अपील की।

कांग्रेस पर तीखा हमला, विकास के नाम पर मांगे वोट

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस गुटों और धड़ों में बंटी हुई पार्टी है, जो केवल समाज को बांटने और लड़ाने की राजनीति करती है, जबकि भाजपा विकास और सुशासन की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि दतिया का विकास भाजपा सरकार ने किया है और आगे भी विकास कार्यों की गति निरंतर जारी रहेगी। भाजपा विकास के आधार पर जनता का आशीर्वाद मांग रही है।

Datia By-Election: आशुतोष तिवारी को बताया ‘कोहिनूर का हीरा’

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को कार्यकर्ताओं के बीच “कोहिनूर के हीरे” जैसा नेता बताया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश और दतिया में कांग्रेस का जनाधार समाप्त हो चुका है और प्रदेश में भाजपा की विकास यात्रा लगातार आगे बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि दतिया को जल्द ही लगभग 11 हजार करोड़ रुपये की लागत वाले डिफेंस पार्क और बड़े उद्योगों की सौगात मिलेगी, जिससे युवाओं और किसानों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

कांग्रेस नेता राजू दांगी भाजपा में शामिल

रोड शो के बाद आयोजित जनसभा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजू दांगी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत करते हुए इसे पार्टी के लिए बड़ी राजनीतिक उपलब्धि बताया।

Datia By-Election
                                                           Datia By-Election
Datia By-Election: दो रोड शो में जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत

पहला रोड शो दतिया हवाई अड्डे से मां पीताम्बरा पीठ के उत्तर द्वार तक और दूसरा रोड शो मां पीताम्बरा पीठ के पश्चिम द्वार से बड़ी तिगलिया तक निकाला गया। पूरे मार्ग में सैकड़ों स्वागत मंच लगाए गए। व्यापारिक, सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री और भाजपा प्रत्याशी का स्वागत किया। सड़क से लेकर घरों की छतों और बालकनियों तक लोगों ने फूल बरसाकर रोड शो का स्वागत किया।

कुशवाह समाज सम्मेलन में कांग्रेस पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने कुशवाह समाज सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने हमेशा समाज को सम्मान और प्रतिनिधित्व दिया है, जबकि कांग्रेस ने दशकों तक शासन करने के बावजूद समाज को उचित भागीदारी नहीं दी। उन्होंने कहा कि भाजपा राम और कृष्ण की संस्कृति की वाहक है, जबकि कांग्रेस ने भगवान श्रीराम के अस्तित्व तक पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कुशवाह समाज से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

Datia By-Election: भाजपा ने झोंकी पूरी ताकत

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, डॉ. नरोत्तम मिश्रा, सांसद भारत सिंह कुशवाह, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। भाजपा ने दावा किया कि दतिया में जनता का उत्साह इस बार ऐतिहासिक जीत का संकेत दे रहा है।

ये भी पढ़े… प्रकृति बचाने का PM मोदी का संदेश, संस्कृत सुभाषित शेयर कर कही बड़ी बात