Datia Bypoll Result: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना 8 बजे से जारी है। दूसरे राउंड की गिनती पूरी होने के बाद भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी कुल 965 वोटों की बढ़त बनाए हुए हैं। हालांकि दूसरे राउंड में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने भाजपा पर 219 वोटों की बढ़त हासिल की, जिससे भाजपा की कुल लीड कम हो गई। वहीं आजाद समाज पार्टी के उम्मीदवार दामोदर यादव को पहले दो राउंड में कुल 4,329 वोट मिले हैं।
पहले दो राउंड का आंकड़ा
पहले राउंड में भाजपा को 4,541, कांग्रेस को 3,367 और आजाद समाज पार्टी को 1,917 वोट मिले थे। दूसरे राउंड में भाजपा को 3,502, कांग्रेस को 3,921 और आजाद समाज पार्टी को 2,412 वोट प्राप्त हुए। दोनों राउंड मिलाकर भाजपा की कुल बढ़त 965 वोट पर पहुंच गई है।
Datia Bypoll Result: 15 राउंड में पूरी होगी मतगणना
दतिया पॉलिटेक्निक कॉलेज में मतगणना के लिए 21 टेबल लगाई गई हैं। पूरी मतगणना 15 राउंड में होगी, जिसमें लगभग 350 अधिकारी-कर्मचारी तैनात हैं। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और पहचान पत्र की जांच के बाद ही मतगणना स्थल में प्रवेश दिया जा रहा है।

उम्मीदवार पहुंचे, कांग्रेस प्रत्याशी का इंतजार
भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी और आजाद समाज पार्टी के उम्मीदवार दामोदर यादव मतगणना स्थल पहुंच चुके हैं। खबर लिखे जाने तक कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह वहां नहीं पहुंचे थे।
Datia Bypoll Result: आसपा उम्मीदवार ने किया जीत का दावा
आजाद समाज पार्टी के उम्मीदवार दामोदर यादव ने दावा किया कि शुरुआती राउंड में भले ही वे पीछे हैं, लेकिन चौथे राउंड के बाद स्थिति बदल सकती है। उन्होंने अपनी जीत का भरोसा जताया।
कांग्रेस ने पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को निलंबित किया
दतिया उपचुनाव के नतीजे आने से ठीक एक दिन पहले रविवार को कांग्रेस ने बड़ा संगठनात्मक कदम उठाया। पार्टी ने पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया। आदेश कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और मध्य प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने जारी किया। दरअसल, कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने मतदान के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और दूसरे सीनियर लीडर्स को लिखित शिकायत भेजी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि राजेंद्र भारती ने चुनाव में पार्टी के खिलाफ काम किया और भितरघात किया।
Datia Bypoll Result: क्यों हो रहा है उपचुनाव?
दतिया विधानसभा सीट कांग्रेस के तत्कालीन विधायक राजेंद्र भारती को सहकारी ग्रामीण विकास बैंक फ्रॉड मामले में दो वर्ष की सजा मिलने के बाद रिक्त हुई थी। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में राजेंद्र भारती ने तत्कालीन गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को 7,742 वोटों से हराया था।
ये भी पढ़े… बांकीपुर में जीत का जश्न पहले से तैयार! नीरज कुमार सिन्हा के नाम पर 200 क्विंटल लड्डू








