Delhi Fire News: देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर आग की बड़ी घटना सामने आई है। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के मजलिस पार्क इलाके में एक चार मंजिला मकान में भीषण आग लगने से डीआरडीओ के वैज्ञानिक का घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह एयर कंडीशनर में शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय परिवार घर पर मौजूद नहीं था, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
AC में शॉर्ट सर्किट से भड़की आग, पूरे फ्लोर को लिया चपेट में
जानकारी के अनुसार, करीब 9:19 बजे मजलिस पार्क की गली नंबर-10 स्थित एक चार मंजिला मकान की दूसरी मंजिल पर लगे एयर कंडीशनर में शॉर्ट सर्किट हुआ। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और तीसरी मंजिल की छत पर लगे एसी के आउटडोर यूनिट तक पहुंच गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और तीसरी मंजिल पूरी तरह इसकी चपेट में आ गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
Delhi Fire News: डीआरडीओ वैज्ञानिक का घर और कीमती सामान पूरी तरह खाक
इस हादसे में तीसरी मंजिल पर रहने वाले डीआरडीओ के वैज्ञानिक अरि सुदन तिवारी का घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आने से घर में रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, महत्वपूर्ण दस्तावेज और गृहस्थी का अन्य सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दूसरी मंजिल का भी एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि सबसे बड़ी राहत यह रही कि वैज्ञानिक का पूरा परिवार उस समय बिहार में एक शादी समारोह में शामिल होने गया हुआ था। यदि परिवार घर में मौजूद होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
दमकल की पांच गाड़ियों ने पाया आग पर काबू, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी देर तक लगातार प्रयास कर आग पर पूरी तरह काबू पाया और आसपास के हिस्सों में आग फैलने से रोक दिया। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग की टीम आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग की वजह माना जा रहा है, लेकिन तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही अंतिम कारण स्पष्ट हो सकेगा। अधिकारियों ने लोगों से घरों में लगे विद्युत उपकरणों की नियमित जांच कराने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील भी की है।
ये भी पढ़े… “वारिस पठान का नितेश राणे पर पलटवार, बोले- ‘आमिर खान ने 3 शादियां कीं, तो तुम 4 कर लो’”








