Home » नई दिल्ली » दिल्ली अग्निकांड मामले में होटल मालिक का बड़ा खुलासा, ज्यादा कमाई के लिए बढ़ाए कमरे

दिल्ली अग्निकांड मामले में होटल मालिक का बड़ा खुलासा, ज्यादा कमाई के लिए बढ़ाए कमरे

Delhi Hotel Fire Case: मालवीय नगर के फ्लोरिस स्टे होटल अग्निकांड मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। पुलिस जांच में पता चला है कि होटल की छत पर जाने वाला कमरा बाहर से बंद था, जिसके कारण आग लगने के दौरान फंसे लोगों के पास सुरक्षित रास्ता नहीं बचा। जान बचाने के लिए कई लोग खिड़कियों से कूदने को मजबूर हो गए।

हादसे के बाद मौके से भाग गया था होटल मालिक

दिल्ली पुलिस की पूछताछ में होटल मालिक लवकेश बजाज ने स्वीकार किया है कि आग लगने के बाद वह घबरा गया था और मौके से फरार हो गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हादसे के बाद वह अपने घर भी नहीं गया और काफी समय तक सड़कों पर घूमता रहा।

Delhi Hotel Fire Case: तीन साल पहले खरीदी थी जर्जर बिल्डिंग

पूछताछ के दौरान लवकेश बजाज ने बताया कि उसने करीब तीन साल पहले यह बिल्डिंग एक निजी पार्टी से खरीदी थी। पहले इस इमारत में खादी की दुकान संचालित होती थी। आरोपी का दावा है कि जब उसने बिल्डिंग खरीदी थी, तब उसकी हालत काफी जर्जर थी। बाद में यहां गेस्ट हाउस और होटल का संचालन शुरू किया गया।

Delhi Hotel Fire Case: परमिशन के दावों की जांच में जुटी पुलिस

लवकेश बजाज का कहना है कि उसने BNB (बेड एंड ब्रेकफास्ट), टूरिस्ट और रेस्टोरेंट संचालन से जुड़ी आवश्यक अनुमतियां ली थीं। हालांकि, दिल्ली पुलिस उसके इन दावों की सत्यता की जांच कर रही है और संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।

ज्यादा मुनाफे के लिए बढ़ाए गए कमरे

पूछताछ में एक और अहम खुलासा हुआ है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, लवकेश बजाज ने माना है कि होटल में कमरों की संख्या बढ़ाई गई थी क्योंकि कारोबार से अच्छी कमाई हो रही थी। उसने होटल के संचालन की जिम्मेदारी स्टाफ को सौंप रखी थी और खुद नियमित निगरानी नहीं करता था।

कोर्ट ने भेजा 4 दिन की पुलिस कस्टडी में

Delhi Hotel Fire Case: मामले में गिरफ्तार होटल मालिक को बुधवार को साकेत कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया। कोर्ट ने लवकेश बजाज को 4 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। अब जांच एजेंसियां होटल में सुरक्षा मानकों, निर्माण संबंधी नियमों और अग्निशमन व्यवस्था में हुई संभावित लापरवाही की गहन जांच कर रही हैं। हादसे की जिम्मेदारी, सुरक्षा नियमों के उल्लंघन और प्रशासनिक मंजूरियों को लेकर आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

 

 

ये भी पढ़े: Airtel यूजर्स परेशान! कॉल और इंटरनेट सेवाओं में आई दिक्कत, सोशल मीडिया पर शिकायतों की बाढ़