Delhi Murder Case: दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश इलाके में एक वरिष्ठ अधिकारी की बेटी के साथ हुई रेप और हत्या की घटना में जांच के दौरान कई चौंकाने वाले और बेहद दर्दनाक तथ्य सामने आए हैं। पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपी ने इस वारदात से एक दिन पहले राजस्थान के अलवर में भी एक महिला के साथ दुष्कर्म किया था।
जानकारी के अनुसार, अमर कॉलोनी इलाके में रहने वाली इस छात्रा की हत्या के आरोप में राहुल मीणा को पुलिस ने 22 अप्रैल को द्वारका से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद देर रात तक उससे पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने जो बातें बताईं, उन्हें सुनकर पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए और उनमें गुस्सा भी देखा गया।

पहले से रची खौफनाक साजिश
आरोपी को पहले से पता था कि लड़की के माता-पिता सुबह जिम जाते हैं। वह उस बिल्डिंग और उसके लॉक सिस्टम से भी अच्छी तरह परिचित था। घटना वाले दिन सुबह वह बिल्डिंग में घुसा और सीधे स्टडी रूम में पहुंच गया, जो फ्लैट की छत पर बना हुआ था।
लड़की उस समय पढ़ाई कर रही थी क्योंकि वह UPSC की तैयारी कर रही थी और उसके माता-पिता ने उसे सुबह पढ़ने के लिए कहा था। आरोपी ने उसे काबू में करने के लिए गला दबाने की कोशिश की, लेकिन लड़की ने विरोध किया। इसके बाद उसने पास में रखे लैम्प और किसी भारी वस्तु से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसके सिर से खून निकलने लगा और वह बेहोश हो गई।
सबूत मिटाकर मौके से फरार
इसके बाद आरोपी ने बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया। फिर उसने घर में चोरी करने की कोशिश की। लॉकर फिंगरप्रिंट से खुलता था, इसलिए वह लड़की को घसीटकर नीचे कमरे में ले गया और उसके हाथ से लॉकर खोलने की कोशिश की, लेकिन लॉकर नहीं खुला। पुलिस का मानना है कि तब तक लड़की की मौत हो चुकी थी, क्योंकि उसके शरीर में रक्त संचार रुक गया था और हाथ खून से सने हुए थे।
इसके बाद आरोपी ने पेचकस की मदद से लॉकर तोड़ा और उसमें से नकदी और गहने निकाल लिए। खून लग जाने के कारण उसने अपने कपड़े बदल दिए अपने पैंट और जूते उतारकर लड़की के भाई के कपड़े पहन लिए और घर में पड़ी चप्पल पहनकर वहां से भाग गया।
Delhi Murder Case: बुरी आदतों से बना खतरनाक आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपी को कम उम्र में ही जुए की लत लग गई थी और वह ऑनलाइन ‘तीन पत्ती’ जैसे गेम खेलकर पैसे कमाने की कोशिश करता था। उसे महिलाओं के साथ गलत संबंध बनाने की भी आदत हो गई थी।
इसी आदत के चलते उसने 21 अप्रैल को अलवर में एक शादीशुदा महिला के साथ दुष्कर्म किया, उसे चोट पहुंचाई और जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गया। अगले ही दिन वह दिल्ली पहुंचा और इस घटना को अंजाम दिया।
पुलिस जांच में चौंकाने वाला मोड़
शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने कहा कि उसका मकसद सिर्फ चोरी करना था। लेकिन पुलिस अधिकारियों का मानना है कि संभव है वह पहले से ही लड़की को निशाना बना चुका था और रेप व लूट दोनों करने की योजना बनाकर आया था, क्योंकि उसने एक दिन पहले भी इसी तरह की वारदात की थी।
पुलिस के मुताबिक, मृतक छात्रा पढ़ाई में बहुत तेज थी और 12वीं कक्षा में ऑल इंडिया टॉपर रह चुकी थी।यह पूरा मामला न केवल कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है, बल्कि समाज के लिए भी एक गहरी चिंता का विषय बन गया है।
ये भी पढ़ें: बंगाल और तमिलनाडु में मतदान जारी, बूथों पर सुबह से ही उमड़ी भीड़, चेन्नई में एक्टर अजित कुमार के पहुंचते ही मची हलचल








