Delhi News: दिल्ली जल बोर्ड से जुड़े कथित टेंडर घोटाले में एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व मंत्री सत्येंद्र कुमार जैन, दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व CEO एवं IAS अधिकारी उदित प्रकाश राय समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। मामला सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के अपग्रेडेशन और क्षमता बढ़ाने से जुड़े टेंडर में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार से जुड़ा है। ACB का आरोप है कि टेंडर की शर्तों में इस तरह बदलाव किए गए, जिससे एक विशेष तकनीक और कंपनी को फायदा पहुंचाया जा सके और प्रतिस्पर्धा सीमित हो।
टेंडर की शर्तों में कथित हेरफेर
ACB के मुताबिक, जांच में सामने आया कि प्रस्तावित पायलट स्टडी नहीं कराई गई और टेंडर में तकनीक तथा इस्तेमाल होने वाले मीडिया को लेकर ऐसी शर्तें जोड़ी गईं, जिनसे एक खास कंपनी को लाभ मिलने का आरोप है। एजेंसी ने निजी कंपनियों और सरकारी अधिकारियों के बीच टेंडर की शर्तों, बैठकों और corrigendum को लेकर कथित संपर्क के सबूत मिलने का भी दावा किया है। गिरफ्तार आरोपियों में सत्येंद्र जैन और उदित प्रकाश राय के अलावा पूर्व DJB कॉन्ट्रैक्चुअल कंसल्टेंट अंकित श्रीवास्तव, AN Enterprises के मालिक नागेंद्र यादव, Euroteck Environment Pvt. Ltd. के मालिक राजा कुमार कुर्रा और Srijanhar के प्रोपराइटर पंकज वर्मा शामिल हैं।
Delhi News: 1.52 करोड़ रुपये के लेन-देन का दावा
जांच का अहम पहलू कथित पैसों का लेन-देन है। ACB का दावा है कि रिश्वत और कमीशन की रकम पहुंचाने के लिए AN Enterprises और Srijanhar जैसी मध्यस्थ कंपनियों का इस्तेमाल किया गया। एजेंसी के अनुसार, तकनीक उपलब्ध कराने वाली कंपनी से जुड़े लोगों की ओर से AN Enterprises में बड़ी रकम भेजी गई। ACB ने दावा किया है कि पूर्व DJB CEO उदित प्रकाश राय और उनके रिश्तेदारों के बैंक खातों में करीब 1.52 करोड़ रुपये पहुंचे। एजेंसी का आरोप है कि इस रकम का इस्तेमाल बाद में अचल संपत्ति खरीदने में किया गया। अब जांच एजेंसी कथित मनी ट्रेल और रकम के स्रोत की पड़ताल कर रही है।
सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी पर AAP का हमला
सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी पर AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए इसे राजनीतिक कार्रवाई बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछला मामला भी फर्जी था और यह मामला भी आगे फर्जी साबित होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी और जनता सत्येंद्र जैन के साथ खड़ी है। वहीं AAP सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया कि पंजाब चुनाव से पहले सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश है। उन्होंने बीजेपी पर विपक्षी नेताओं और सरकारों को दबाव में लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि पंजाब में AAP सरकार के कामों के कारण बीजेपी को अपनी राजनीतिक स्थिति कमजोर लग रही है। मामले में ACB की जांच आगे जारी है।








