Breaking News
Home » राष्ट्रीय » एआई समिट विरोध: दिल्ली कोर्ट ने यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को 5 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा

एआई समिट विरोध: दिल्ली कोर्ट ने यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को 5 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा

Delhi News

Delhi News: दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान विरोध प्रदर्शन करने के आरोप में यूथ कांग्रेस के चार कार्यकर्ताओं को 5 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। इन कार्यकर्ताओं को शुक्रवार को दिल्ली के भारत मंडपम से गिरफ्तार किया गया था, जहां समिट आयोजित किया जा रहा था।

विरोध प्रदर्शन और गिरफ्तारी

गिरफ्तार यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं में कृष्णा हरि, कुंदन यादव, अजय कुमार और नरसिम्हा यादव शामिल हैं। दिल्ली पुलिस के अनुसार, इन कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन के दौरान देशविरोधी नारे लगाए, जो नेपाल के जेन-जी आंदोलन की तर्ज पर थे। प्रदर्शन उस जगह किया गया था जहां बड़ी संख्या में विदेशी प्रतिनिधि मौजूद थे, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

Delhi News: पुलिस कस्टडी की मांग

सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने आरोपियों को 5 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजने की मांग की। पुलिस ने कहा कि उन्हें इस मामले में जांच करनी है, यह पता लगाना है कि साजिश किसने रची और कौन लोग इसमें शामिल थे। पुलिस ने यह भी दावा किया कि प्रदर्शनकारियों ने धक्कामुक्की की, जिसमें कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें आईं।

बचाव पक्ष की दलील

आरोपियों के वकील ने पुलिस की कस्टडी की मांग का विरोध किया। उनका कहना था कि यह गिरफ्तारी लोकतंत्र की गरिमा को कम करने वाली है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदर्शन करना संविधानिक अधिकार है और यदि इसी आधार पर गिरफ्तारियां होने लगीं तो संसद में प्रदर्शन करने वाले सांसदों की भी गिरफ्तारी हो सकती है। इसके बावजूद, अदालत ने पुलिस की मांग को स्वीकार करते हुए आरोपियों को 5 दिन की कस्टडी में भेज दिया।