DELHI NEWS: केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव के कार्यालय में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। मंत्रालय ने उनके निजी सचिव अमर सिंह समेत तीन वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है। इस संबंध में पर्यावरण मंत्रालय ने 3 जुलाई को आधिकारिक आदेश जारी किया।
अमर सिंह को मूल कैडर में भेजा गया
आधिकारिक आदेश के अनुसार, 2010 बैच के आईआरएस अधिकारी एवं निजी सचिव अमर सिंह को उनके मूल कैडर राजस्व विभाग में वापस भेज दिया गया है। उन्हें तत्काल अपने मूल विभाग में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। यह कार्रवाई कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) के 2 जुलाई के आदेश और सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद की गई।
DELHI NEWS: दो अन्य अधिकारियों पर भी गिरी गाज
अमर सिंह के अलावा अतिरिक्त निजी सचिव शैलेश कुमार सिंह को भी समय से पहले उनके मूल कैडर में वापस भेज दिया गया है। वहीं, अतिरिक्त निजी सचिव आयुष शरण को भी तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया गया है। तीनों अधिकारियों को तत्काल कार्यमुक्त करने के आदेश जारी किए गए हैं।
कई अहम कार्यालयों को भेजी गई आदेश की प्रति
उप सचिव विभूति पंजियार के हस्ताक्षर से जारी आदेश की प्रतियां प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), कैबिनेट सचिवालय, कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग समेत कई प्रमुख सरकारी कार्यालयों को भी भेजी गई हैं। इससे स्पष्ट है कि यह फैसला प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
DELHI NEWS: नए निजी सचिव पर अभी निर्णय नहीं
भूपेंद्र यादव के कार्यालय में हुए इस अचानक प्रशासनिक बदलाव के पीछे की वजह फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है। मंत्रालय की ओर से यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है कि मंत्री के नए निजी सचिव के रूप में किस अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी।
ये भी पढ़े… HTET परीक्षा की प्रोविजनल आंसर-की जारी, जानें कैसे करें डाउनलोड








