Dental Health: अक्सर लोग दांतों की सफाई पर तो ध्यान देते हैं, लेकिन रोजमर्रा की डाइट को नजरअंदाज कर देते हैं। यही लापरवाही धीरे-धीरे दांतों और मसूड़ों को नुकसान पहुंचा सकती है। अधिक मीठी, चिपचिपी और एसिड वाली चीजों का ज्यादा सेवन करने से कैविटी, सेंसिटिविटी, दांतों का पीलापन, मसूड़ों की समस्या और मुंह से बदबू जैसी परेशानियां हो सकती हैं। देहरादून के कैलाश हॉस्पिटल के सीनियर कंसल्टेंट एवं डेंटल सर्जन डॉ. लोकेश बहादुर सिंह ने बताया कि दांतों को स्वस्थ रखने के लिए सही खानपान भी उतना ही जरूरी है, जितना नियमित ब्रश करना।
Dental Health: Heliyon Journal की स्टडी में क्या सामने आया-
साल 2023 में Heliyon Journal में प्रकाशित एक स्टडी के अनुसार, जो लोग नियमित रूप से अधिक चीनी का सेवन करते हैं, उनमें दांतों की सड़न (डेंटल कैरीज) का खतरा अधिक पाया गया। स्टडी में यह भी सामने आया कि स्मोकिंग करने वाले और चाय में बार-बार अतिरिक्त चीनी मिलाने वाले लोगों में भी कैविटी का जोखिम ज्यादा होता है।
Dental Health: दांतों को नुकसान पहुंचाने वाले 10 फूड्स-
1. कैंडी, टॉफी और ज्यादा मीठी चीजें-
चिपचिपी टॉफियां, हार्ड कैंडी और मिठाइयां लंबे समय तक दांतों में चिपकी रहती हैं। इनमें मौजूद चीनी बैक्टीरिया को बढ़ावा देती है, जिससे एसिड बनता है और दांतों की सड़न का खतरा बढ़ जाता है।
2. शुगरी स्नैक्स-
क्रीमी क्रैकर्स, पैकेज्ड नमकीन, पैकेज्ड फ्रूट जूस, कैचअप और जैम जैसी चीजों में छिपी हुई चीनी अधिक होती है। इनका ज्यादा सेवन कैविटी और अन्य दंत समस्याओं का कारण बन सकता है।
3. सफेद ब्रेड-
रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट से भरपूर सफेद ब्रेड मुंह में जाकर शुगर में बदल जाती है, जिससे बैक्टीरिया बढ़ते हैं और प्लाक बनने का खतरा बढ़ जाता है।
4. आलू के चिप्स-
चिप्स के छोटे-छोटे टुकड़े दांतों के बीच फंस जाते हैं। इनमें मौजूद स्टार्च और कार्बोहाइड्रेट दांतों की सड़न और पीलापन बढ़ा सकते हैं।
5. सॉफ्ट ड्रिंक्स और शुगरी ड्रिंक्स-
कोल्ड ड्रिंक, फ्लेवर्ड सोडा, पैकेज्ड जूस, एनर्जी और स्पोर्ट्स ड्रिंक्स में चीनी और एसिड की मात्रा अधिक होती है। ये दांतों की बाहरी सुरक्षा परत (इनेमल) को कमजोर कर सकते हैं। साल 2020 में Monographs in Oral Science में प्रकाशित रिसर्च के अनुसार, एसिड वाले कार्बोनेटेड ड्रिंक्स का बार-बार सेवन डेंटल इरोशन यानी दांतों के घिसने का कारण बन सकता है।
6. ड्राई फ्रूट्स-
किशमिश, खजूर और अंजीर जैसे ड्राई फ्रूट्स स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हैं, लेकिन इनमें प्राकृतिक शुगर अधिक होती है और ये दांतों में चिपक जाते हैं। इसलिए इनका सेवन सीमित मात्रा में करें।
7. बिस्कुट, केक और पेस्ट्री-
इनमें रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट और चीनी अधिक होती है, जो दांतों में चिपककर कैविटी और सड़न का खतरा बढ़ाती है।
8. अचार-
अचार में नमक और एसिड अधिक होता है। इसका ज्यादा सेवन दांतों के इनेमल को नुकसान पहुंचा सकता है।
9. खट्टे फल-
संतरा, नींबू और अन्य खट्टे फल विटामिन-सी के अच्छे स्रोत हैं, लेकिन इनमें मौजूद एसिड का अधिक सेवन इनेमल को नुकसान पहुंचा सकता है।
10. बर्फ चबाने की आदत-
बार-बार बर्फ चबाने से दांतों में दरार, किनारे टूटने और सेंसिटिविटी बढ़ने का खतरा रहता है।
डॉक्टर से कब करें संपर्क-
अगर दांतों में लगातार दर्द, सेंसिटिविटी, मसूड़ों से खून आना, मुंह से बदबू, दांतों का रंग बदलना या कैविटी जैसी समस्या दिखाई दे, तो तुरंत डेंटिस्ट से सलाह लें। समय पर इलाज कराने से गंभीर दंत समस्याओं से बचाव किया जा सकता है।
यह भी पढ़े- आगामी सीरीज और WTC के लिए ECB ने किए ये बदलाव, 4 खिलाड़ियों की हुई वापसी








