Diljit Dosanjh: पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के फैंस के लिए निराश करने वाली खबर सामने आई है। 30 अक्टूबर 2026 को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले उनके कॉन्सर्ट को दिल्ली पुलिस ने अनुमति देने से इनकार कर दिया है। पुलिस ने इसके पीछे सुरक्षा संबंधी खतरों और कानून-व्यवस्था से जुड़ी चिंताओं का हवाला दिया है। ऐसे में अब इस कॉन्सर्ट के रद्द होने की चर्चा तेज हो गई है।
Diljit Dosanjh: सुरक्षा कारणों से दिल्ली पुलिस ने नहीं दी अनुमति
दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा संबंधी इनपुट और त्योहारी सीजन के दौरान कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारियों को देखते हुए कॉन्सर्ट की अनुमति देने से इनकार किया है। यह कार्यक्रम दिलजीत दोसांझ के ‘ऑरा इंडिया टूर’ का हिस्सा था, जिसका आयोजन 30 अक्टूबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में किया जाना था। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त के कार्यालय ने आयोजक BookMyShow को पत्र लिखकर अपने फैसले की जानकारी दी। पत्र में सुरक्षा संबंधी खतरों के इनपुट, त्योहारी सीजन के दौरान कानून-व्यवस्था से जुड़ी जिम्मेदारियों और अन्य महत्वपूर्ण चिंताओं का उल्लेख किया गया है।
Diljit Dosanjh: BookMyShow को लिखे पत्र में क्या कहा गया
दिल्ली पुलिस ने BookMyShow को भेजे पत्र में कहा कि 30 अक्टूबर को नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में ‘दिलजीत दोसांझ के ऑरा इंडिया टूर दिल्ली’ के आयोजन के अनुरोध की समीक्षा की गई है। हालांकि, सुरक्षा संबंधी खतरों के इनपुट और कानून-व्यवस्था से जुड़ी चिंताओं को देखते हुए इस अनुरोध को स्वीकार नहीं किया जा सकता। पुलिस के इस फैसले के बाद कॉन्सर्ट के आयोजन पर अनिश्चितता बढ़ गई है। हालांकि, कार्यक्रम को लेकर आयोजकों की ओर से नई तारीख या किसी दूसरे स्थान पर आयोजन के संबंध में आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
टिकट बुक करने वाले फैंस को क्या करना होगा
जिन लोगों ने दिलजीत दोसांझ के दिल्ली कॉन्सर्ट के टिकट बुक किए हैं, वे BookMyShow के माध्यम से रिफंड और कार्यक्रम से जुड़े अन्य अपडेट की जानकारी ले सकते हैं। फिलहाल, टिकटों के रिफंड और कॉन्सर्ट की आगे की योजना को लेकर आयोजकों की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। ऐसे में फैंस को सलाह दी जाती है कि वे BookMyShow के आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध अपडेट देखते रहें।
2024 में भी दिल्ली में हुआ था दिलजीत का कॉन्सर्ट
इससे पहले वर्ष 2024 में भी दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया गया था। उस दौरान सिंगर को देखने के लिए बड़ी संख्या में फैंस पहुंचे थे। दर्शकों की भारी भीड़ और लोकप्रियता को देखते हुए उस समय एक अतिरिक्त दिन के लिए भी शो आयोजित किया गया था। हालांकि, इस बार सुरक्षा संबंधी चिंताओं के चलते पुलिस की अनुमति नहीं मिलने से 30 अक्टूबर को होने वाले कॉन्सर्ट पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।
यह भी पढ़े- क्या होता है ‘पीस बॉन्ड’? नेहा बोरा ने क्यों दी चुनौती, नियम तोड़ने पर कितनी हो सकती है सजा








