EPFO Interest Update: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 8.25 प्रतिशत ब्याज कर्मचारी भविष्य निधि (PF) खातों में जमा करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। संगठन ने देशभर के फील्ड कार्यालयों को ब्याज राशि क्रेडिट करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। इससे करीब 8 करोड़ पीएफ खाताधारकों को लाभ मिलेगा।
चरणबद्ध तरीके से खातों में पहुंचेगा ब्याज
EPFO के अनुसार ब्याज की राशि सभी खातों में एक साथ नहीं, बल्कि चरणबद्ध तरीके से जमा की जाएगी। ऐसे में यदि किसी खाताधारक के खाते में अभी ब्याज नहीं दिख रहा है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। सभी पात्र खातों में नियमानुसार ब्याज राशि जोड़ दी जाएगी।
EPFO Interest Update: चार तरीकों से करें PF बैलेंस चेक
पीएफ खाताधारक EPFO की सदस्य पासबुक वेबसाइट पर UAN और पासवर्ड से लॉगिन कर बैलेंस देख सकते हैं। इसके अलावा उमंग ऐप के जरिए भी पासबुक और ब्याज की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 9966044425 पर मिस्ड कॉल देकर या 7738299899 पर EPFOHO UAN लिखकर SMS भेजकर भी पीएफ बैलेंस की जानकारी हासिल की जा सकती है।
देर से अपडेट होने पर भी नहीं होगा नुकसान
EPFO ने स्पष्ट किया है कि यदि पासबुक में ब्याज की एंट्री देर से दिखाई देती है, तब भी खाताधारकों को किसी प्रकार का वित्तीय नुकसान नहीं होगा। ब्याज की गणना नियमानुसार की जाती है और पूरी राशि खाते में जोड़ दी जाती है।
EPFO Interest Update: ब्याज न दिखे तो क्या करें?
यदि कुछ समय बाद भी खाते में ब्याज अपडेट नहीं होता है, तो पहले सदस्य पासबुक या उमंग ऐप पर दोबारा जांच करें। इसके बाद भी समस्या बनी रहे तो EPFO हेल्पलाइन या नजदीकी क्षेत्रीय कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
ये भी पढ़े… भूपेंद्र यादव के ऑफिस में अचानक बदलाव, 3 अधिकारी हटाए गए… क्या है पूरा मामला?








