Etawah News: इटावा जिले के भरथना थाना क्षेत्र के ग्राम कुंवरा में उस समय सनसनी फैल गई जब एक 30 वर्षीय युवक का शव घर के कमरे में गमछे के सहारे संदिग्ध परिस्थितियों में लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन रोने-बिलखने लगे और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी है।
पत्नी ने कमरे का दरवाजा खोला तो दिखा भयावह दृश्य
परिवार के अनुसार, सुबह रोज की तरह सभी लोग अपने कार्यों में व्यस्त थे। युवक की पत्नी जब कमरे का दरवाजा खोलने पहुंची तो अंदर का दृश्य देखकर दंग रह गई। उसका पति श्यामवीर फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। उसकी चीख सुनकर परिजन व पड़ोसी मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों का कहना है कि श्यामवीर पेशे से सैलून का काम करता था। करीब चार वर्ष पहले उसके पिता की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। पाँच भाइयों के परिवार में दो भाइयों की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। बड़े भाई की मौत के बाद परिवार की सहमति से श्यामवीर की शादी उसकी भाभी सीमा देवी से कराई गई थी, जिनसे उसके चार बच्चे हैं।
Etawah News: बड़े भाई की बेटी ने उठाए सवाल
मृतक के बड़े भाई की बेटी खुशी ने बताया कि वह सुबह स्कूल में पढ़ाने गई थी, तभी उसे घर से फोन आया कि चाचा कमरे का दरवाजा नहीं खोल रहे। जब वह घर पहुंची तो देखा कि चाचा फंदे पर लटके थे। खुशी ने आत्महत्या की संभावना को खारिज करते हुए साजिश का आरोप लगाया। उनका कहना है कि शव के पैर जमीन से छू रहे थे और कमरे की ऊँचाई भी ऐसी नहीं है कि सामान्य तरीके से फांसी लगाई जा सके। वहीं परिजनों का कहना है कि श्यामवीर का किसी से विवाद नहीं था, फिर भी इस तरह मौत होना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने साफ कहा कि वे हत्या की आशंका से इनकार नहीं कर सकते और पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस ने हर एंगल से जांच शुरू की
पुलिस ने मौके का विस्तृत निरीक्षण कर गमछे की लंबाई, कमरे की ऊँचाई और शव की स्थिति का बारीकी से अध्ययन किया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो पाएगी। फिलहाल पुलिस परिजनों के आरोपों और परिस्थितियों को देखते हुए मामले की हर संभव एंगल से जांच कर रही है।
Report By: रामकुमार राजपूत
ये भी पढ़े… Ayodhya Ram Mandir: ‘दुर्भाग्य की बात…’ राहुल-अखिलेश यादव के राम मंदिर न जाने पर रामभद्राचार्य का तीखा हमला







