Home » मध्य प्रदेश » मध्य प्रदेश को गडकरी की बड़ी सौगात: 4400 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

मध्य प्रदेश को गडकरी की बड़ी सौगात: 4400 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

Gadkari’s gift to mp: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मध्य प्रदेश को विकास की बड़ी सौगात देते हुए 4400 करोड़ रुपये की आठ सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। विदिशा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत कोई सपना नहीं, बल्कि संकल्प है, जिसे पूरा करने के लिए देश एकजुट होकर कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बनेगा और इसमें मध्य प्रदेश की भूमिका सबसे अहम होगी।

मध्य प्रदेश को मिलेगा केंद्र का पूरा सहयोग

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सही नेतृत्व और मजबूत सरकार के साथ मिलकर मध्य प्रदेश को एक समृद्ध और प्रगतिशील राज्य बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य में लगभग एक लाख करोड़ रुपये की नई सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय के अंतर्गत पहले से ही दो लाख करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है।

Gadkari’s gift to mp: कृषि और ऊर्जा क्षेत्र में बड़ा विजन

नितिन गडकरी ने मध्य प्रदेश को कृषि के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बताते हुए कहा कि यहां का शरबती गेहूं और बासमती चावल विश्व प्रसिद्ध है। उन्होंने कहा कि किसानों को केवल अन्नदाता नहीं, बल्कि ऊर्जादाता, हवाई ईंधनदाता और डामरदाता बनाने का लक्ष्य है। नागपुर में किसानों द्वारा एथेनॉल उत्पादन का उदाहरण देते हुए उन्होंने वैकल्पिक ऊर्जा को भविष्य की जरूरत बताया।

ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे समेत कई अहम घोषणाएं

केंद्रीय मंत्री ने घोषणा की कि 16 हजार करोड़ रुपये की लागत से सागर-विदिशा-कोटा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे बनाया जाएगा, जिससे दूरी 75 किलोमीटर तक कम हो जाएगी। नसरुल्लागंज (भैरूंदा)-बुधनी मार्ग को चार लेन राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके अलावा, 4500 करोड़ रुपये से 50 सड़कों का निर्माण, विदिशा में 4000 करोड़ की लागत से उत्तरी बायपास और 40 हजार करोड़ रुपये की ग्वालियर-भोपाल-नागपुर कॉरिडोर परियोजना को भी मंजूरी दी जाएगी।

Gadkari’s gift to mp: सिंहस्थ और भविष्य की कनेक्टिविटी पर फोकस

गडकरी ने सिंहस्थ को ध्यान में रखते हुए उज्जैन-झालावाड़ हाईवे समेत अन्य सड़कों के निर्माण की भी घोषणा की, जिन पर 2500 करोड़ रुपये खर्च होंगे। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क नेटवर्क से उद्योग, कृषि और पर्यटन को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

ये भी पढ़े… फ्लाइट अव्यवस्था पर बड़ा एक्शन: सरकार ने इंडिगो पर 22.20 करोड़ का जुर्माना लगाया, उड़ान विघटन पर DGCA की सख्ती