GT vs RCB: आईपीएल 2026 के 19वें सीजन का 42वां मुकाबला गुजरात टाइटन्स और पिछले सीजन की विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला जाएगा। यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा। गुजरात टाइटन्स की कप्तानी शुभमन गिल कर रहे हैं, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की कमान रजत पाटीदार के हाथों में है।
यह मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 7:00 बजे होगा। मौजूदा सीजन में नरेंद्र मोदी स्टेडियम में यह चौथा मैच होगा। इससे पहले यहां खेले गए तीन मैचों में गुजरात को सिर्फ एक जीत मिली है, जबकि दो मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा है।

शानदार फॉर्म में है आरसीबी, गुजरात पर दबाव
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस सीजन में शानदार प्रदर्शन कर रही है। टीम ने अब तक खेले गए 8 मैचों में से 6 में जीत हासिल की है और सिर्फ 2 मैच हारे हैं। आरसीबी 1.919 के नेट रन रेट के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है।
वहीं गुजरात टाइटन्स का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है। टीम ने 8 मैचों में 4 जीत और 4 हार दर्ज की हैं। गुजरात फिलहाल अंक तालिका में पांचवें नंबर पर है और उसका नेट रन रेट -0.475 है।
गुजरात को अहमदाबाद में खेले गए पिछले मुकाबले में बड़ी हार झेलनी पड़ी थी। मुंबई इंडियन्स ने 5 विकेट पर 199 रन बनाए थे, जिसके जवाब में गुजरात की पूरी टीम 15.5 ओवर में सिर्फ 100 रन पर ऑलआउट हो गई थी। टीम को 99 रन से हार मिली थी। ऐसे में गुजरात के सामने पिछले मैच की हार से उबरने की बड़ी चुनौती है।
हेड टू हेड रिकॉर्ड में कौन आगे?
गुजरात टाइटन्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच आईपीएल इतिहास में अब तक 7 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें गुजरात ने 3 मैच जीते हैं, जबकि आरसीबी ने 4 मुकाबलों में जीत दर्ज की है।
मौजूदा सीजन में दोनों टीमों के बीच यह दूसरा मैच होगा। इससे पहले 24 अप्रैल को चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में आरसीबी ने गुजरात को 5 विकेट से हराया था। ऐसे में गुजरात अपने घरेलू मैदान पर हार का बदला लेना चाहेगी।अगर पिछले 5 मैचों की बात करें तो इनमें 3 में आरसीबी और 2 में गुजरात को जीत मिली है।

GT vs RCB: नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच रिपोर्ट
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इस सीजन में अब तक 3 मैच खेले गए हैं। इनमें गुजरात को सिर्फ 1 जीत मिली है और 2 मैचों में हार मिली है।इस मैदान पर इस सीजन पहली पारी का औसत स्कोर 196 रन रहा है। यानी बल्लेबाजों को यहां मदद मिलती है और बड़ा स्कोर बन सकता है।
तीन मैचों में से सिर्फ एक मैच लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीता है।नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अलग-अलग तरह की पिचें हैं। यहां काली मिट्टी, लाल मिट्टी और मिश्रित मिट्टी वाली पिचें मौजूद हैं। गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आती है, इसलिए यहां चौके-छक्कों की बारिश देखने को मिल सकती है।हालांकि पिछले मैच में गुजरात की टीम यहां बुरी तरह फ्लॉप रही थी, लेकिन गुरुवार को एक हाई-स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिल सकता है।
इन खिलाड़ियों पर रहेंगी सबकी नजरें
गुजरात टाइटन्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच होने वाले इस मुकाबले में कई स्टार खिलाड़ियों पर सबकी नजरें रहेंगी।
गुजरात टाइटन्स के लिए:
शुभमन गिल (कप्तान)
साई सुदर्शन
प्रसिद्ध कृष्णा
कगिसो रबाडा
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए:
विराट कोहली
रजत पाटीदार (कप्तान)
भुवनेश्वर कुमार
जोश हेजलवुड

गुजरात टाइटन्स की आईपीएल 2026 की पूरी टीम
शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर, कुमार कुशाग्र, ग्लेन फिलिप्स, राशिद खान, मानव सुथार, निशांत सिंधु, वॉशिंगटन सुंदर, गुरनूर बराड़, अरशद खान, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, कगिसो रबाडा, रविश्रीनिवासन साई किशोर, जयंत यादव, ईशांत शर्मा, अशोक शर्मा, जेसन होल्डर, टॉम बैंटन, ल्यूक वुड, साई सुदर्शन, एम शाहरुख खान, अनुज रावत, कुलवंत खेजरोलिया, राहुल तेवतिया।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की आईपीएल 2026 की पूरी टीम
रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, फिलिप साल्ट, जितेश शर्मा, जैकब बेथेल, क्रुणाल पंड्या, रोमारियो शेफर्ड, अभिनंदन सिंह, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम डार, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, स्वप्निल सिंह, नुवान तुषारा, वेंकटेश अय्यर, जैकब डफी, मंगेश यादव, जॉर्डन कॉक्स, विक्की ओस्टवाल, विहान मल्होत्रा, कनिष्क चौहान, सात्विक देसवाल।
रोमांचक मुकाबले की उम्मीद
दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है। एक तरफ शानदार फॉर्म में चल रही आरसीबी है, तो दूसरी तरफ अपने घर में वापसी करने को तैयार गुजरात टाइटन्स। ऐसे में फैंस को एक जबरदस्त और हाई-स्कोरिंग मैच देखने को मिल सकता है।
ये भी पढ़ें…दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कार बनी आग का गोला, 5 लोगों की जलकर मौत, मध्य प्रदेश के थे सभी यात्री








