Gwalior Road Accident: ग्वालियर जिले के डबरा में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि हाईटेंशन लाइन टूटकर कार पर गिर गई और पूरी गाड़ी में करंट फैल गया। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार तीन दोस्तों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया।
शादी से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, तीनों दोस्त शिवपुरी के रहने वाले थे और ग्वालियर में एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। देर रात करीब 2 बजे नेशनल हाईवे-44 पर अर्रु तिराहे के पास उनकी तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई।
Gwalior Road Accident: धमाके के साथ कार में लगी भीषण आग
टक्कर के तुरंत बाद हाईटेंशन लाइन टूटकर कार पर गिर गई, जिससे जोरदार धमाका हुआ और गाड़ी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन धू-धू कर जलने लगा। मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आग ने विकराल रूप ले लिया।
Gwalior Road Accident: एक युवक ने कूदकर बचाई जान
हादसे के दौरान 29 वर्षीय अविनाश किसी तरह कार का शीशा तोड़कर बाहर कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि, वह गंभीर रूप से झुलस गया है और उसका इलाज जारी है। वहीं कार के अंदर फंसे 34 वर्षीय अवधेश और रामजीलाल सोनी जिंदा जल गए।
सुबह तक जलती रही कार, राख हुए शव
आग इतनी भयानक थी कि अंदर फंसे दोनों युवकों को बाहर निकालना संभव नहीं हो सका। तड़के जब आग बुझी, तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी और अंदर मौजूद शव भी राख में तब्दील हो चुके थे। पुलिस ने जले हुए अवशेषों को एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
Gwalior Road Accident: इस हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। अवधेश अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी चार महीने की एक मासूम बेटी है। वहीं रामजीलाल सोनी की तीन छोटी बेटियां हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
ये भी पढ़ें: बिहार कैबिनेट विस्तार से पहले सियासी घमासान, जेडीयू ने मांगे 16 मंत्री पद








