Home » हिमाचल » चंडीगढ़-मनाली हाईवे की हणोगी टनल में भीषण हादसा, दो ट्रकों की टक्कर में 4 की मौत, 7 घायल

चंडीगढ़-मनाली हाईवे की हणोगी टनल में भीषण हादसा, दो ट्रकों की टक्कर में 4 की मौत, 7 घायल

हिमाचल की हणोगी टनल में बड़ा हादसा

Hanogi Tunnel Accident: हिमाचल प्रदेश में चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मंडी जिले की हणोगी टनल के अंदर सुबह करीब पौने 8 बजे दो ट्रकों की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 अन्य लोग घायल हो गए।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

दोनों ट्रकों की भिड़ंत के बाद टनल के अंदर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया। टीम ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।हादसे की पुष्टि डीएसपी लोकेंद्र नेगी ने की है। दुर्घटना के कारण चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। पुलिस और राहत दल ने मौके पर बचाव कार्य शुरू किया और सड़क पर यातायात को सामान्य करने के प्रयास किए।

टक्कर में ट्रकों के उड़े परखच्चे

हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोनों ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। एक ट्रक का आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया है। दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त ट्रक अभी भी टनल के बीच में खड़ा है, जिसे वहां से हटाने का काम किया जा रहा है।पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू करते हुए केस दर्ज कर लिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।हणोगी टनल हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग यानी NH-3 पर बनी है। यह टनल पंडोह और औट के बीच स्थित है। कुल्लू और मनाली जाने वाले यात्रियों के लिए यह सड़क मार्ग काफी महत्वपूर्ण है और इसी प्रमुख रूट का हिस्सा है।

रतलाम में भी हुआ था बड़ा सड़क हादसा

वहीं, कुछ दिन पहले मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भी एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई थी। देर रात तेज रफ्तार कार सड़क के किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई थी। इस हादसे में पति-पत्नी समेत 4 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग धार और इंदौर जिले के रहने वाले बताए गए थे। थाना प्रभारी के अनुसार, दुर्घटना में कार चालक समेत पांच लोग घायल हुए थे। सभी घायलों को इलाज के लिए रतलाम के चिकित्सा महाविद्यालय के अस्पताल भेजा गया था।

यह भी पढ़ें- राजीव गांधी जयंती पर भावुक हुए राहुल गांधी, बोले- आपकी सीख मेरी शक्ति और यादें मेरी हिम्मत