Breaking News
Home » Breaking News » वंदे मातरम विवाद: ‘वंदे मातरम’ के दो टुकड़े किए, ये शहीदों का भी अपमान… अमित शाह का कांग्रेस पर बड़ा हमला

वंदे मातरम विवाद: ‘वंदे मातरम’ के दो टुकड़े किए, ये शहीदों का भी अपमान… अमित शाह का कांग्रेस पर बड़ा हमला

‘Vande Mataram’ News: राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के गायन को लेकर जारी विवाद के बीच बुधवार को नई दिल्ली में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक हुई। बैठक में कांग्रेस ने अपने कार्यक्रमों में ‘वंदे मातरम’ के गायन को लेकर 1937 के प्रस्ताव का पालन करने का फैसला किया। इसके तहत कांग्रेस के कार्यक्रमों में गीत के शुरुआती दो छंद गाए जाएंगे। कांग्रेस के इस फैसले पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तीखी प्रतिक्रिया दी और इसे तुष्टीकरण की राजनीति से जोड़ते हुए निशाना साधा।

कांग्रेस के कार्यक्रमों में गाए जाएंगे दो छंद

कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में तय किया गया कि पार्टी अपने कार्यक्रमों में ‘वंदे मातरम’ को लेकर 1937 में लिए गए फैसले का पालन करेगी। इसके अनुसार गीत के शुरुआती दो छंदों का ही गायन किया जाएगा। कांग्रेस के इस निर्णय के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

‘Vande Mataram’ News: अमित शाह बोले- ‘देशविरोधी फैसला’

अमित शाह ने कांग्रेस के फैसले को लेकर कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति ने 1937 के प्रस्ताव का हवाला देते हुए ‘वंदे मातरम’ के केवल दो छंद गाने का फैसला किया है। उन्होंने इसे ‘देशविरोधी फैसला’ बताते हुए कहा कि यह देश और स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों का अपमान है। शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वोटबैंक की तुष्टीकरण की राजनीति के कारण ‘वंदे मातरम’ को दो हिस्सों में बांटने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि इस गीत को गाते हुए अनेक स्वतंत्रता सेनानियों ने देश के लिए बलिदान दिया और वर्षों तक जेल में रहे।

‘तुष्टीकरण की नीति की पुष्टि’

गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस का मौजूदा निर्णय उसकी तुष्टीकरण की नीति की पुष्टि करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने पुराने प्रस्ताव को तो मान रही है, लेकिन संसद द्वारा बनाए गए कानून की अवहेलना कर रही है। शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने ‘वंदे मातरम’ के पूरे गीत के गायन के जरिए राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का प्रयास किया है। उन्होंने कांग्रेस के फैसले को इस प्रयास के विपरीत बताया।

‘Vande Mataram’ News: बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय और शहीदों का किया जिक्र

अमित शाह ने ‘वंदे मातरम’ के रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय का जिक्र करते हुए कहा कि वोटबैंक की राजनीति के लिए कांग्रेस ने उनकी अमर कृति का अपमान किया है। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन के उन शहीदों का भी उल्लेख किया, जिन्होंने ‘वंदे मातरम’ का उद्घोष करते हुए देश के लिए बलिदान दिया।

राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

शाह ने कांग्रेस के मौजूदा नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस एक बार फिर तुष्टीकरण की राजनीति को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि देश को कांग्रेस के इस फैसले के खिलाफ एकजुट होकर ऐसी राजनीति का विरोध करना चाहिए। भाजपा ने भी कांग्रेस के फैसले की निंदा की है। ऐसे में ‘वंदे मातरम’ के गायन को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक टकराव में बदलता नजर रहा है।

ये भी पढ़े… राजीव गांधी जयंती पर भावुक हुए राहुल गांधी, बोले- आपकी सीख मेरी शक्ति और यादें मेरी हिम्मत