Home » Breaking News » मनन कुमार मिश्रा के खिलाफ अभिजीत दीपके का मोर्चा, इस्तीफे की मांग तेज

मनन कुमार मिश्रा के खिलाफ अभिजीत दीपके का मोर्चा, इस्तीफे की मांग तेज

Abhijeet Deepke: बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) के चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने गुरुवार को उनके इस्तीफे की मांग को लेकर शुरू हुए प्रदर्शन का समर्थन किया है। यह विवाद नालसार यूनिवर्सिटी के छात्रों से जुड़े एक आदेश के बाद सामने आया था, जिसे बाद में BCI चेयरमैन ने वापस ले लिया था।

CJP ने प्रदर्शन का किया समर्थन

ऑल इंडिया यंग एडवोकेट्स एसोसिएशन की ओर से मनन कुमार मिश्रा के खिलाफ प्रदर्शन का ऐलान किया गया। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी प्रदर्शन का समर्थन करते हुए युवाओं और कानूनी छात्रों से इसमें शामिल होने की अपील की। CJP की ओर से मिश्रा के इस्तीफे की मांग ऐसे समय में की गई है, जब कुछ सप्ताह पहले ही पार्टी ने तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहा अपना आंदोलन खत्म किया था।

Abhijeet Deepke: नालसार के छात्रों से जुड़ा क्या था विवाद?

विवाद की शुरुआत नालसार यूनिवर्सिटी से इस वर्ष स्नातक करने वाले छात्रों को एडवोकेट के रूप में रजिस्टर नहीं करने के BCI के आदेश से हुई थी। बताया गया कि विश्वविद्यालय के कुछ छात्रों ने कुलपति, कुलसचिव और शिक्षकों को पत्र लिखकर दीक्षांत समारोह में भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत को मुख्य अतिथि बनाए जाने के प्रस्ताव का विरोध किया था।

इसके बाद BCI चेयरमैन की ओर से कथित तौर पर इस मामले से जुड़े छात्रों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया गया। मिश्रा ने कहा था कि परिषद मामले की जांच कर रही है और अभियान से जुड़े लोगों की पहचान करने वाली रिपोर्ट मांगी गई है। हालांकि, आदेश को लेकर विरोध बढ़ने के बाद इसे कुछ ही घंटों में वापस ले लिया गया।

मिश्रा ने बाद में मांगी थी माफी

विवाद बढ़ने के बाद मनन कुमार मिश्रा ने छात्रों की भावनाएं आहत होने पर खेद जताते हुए माफी मांगी थी। उन्होंने कहा था कि यदि उनके किसी शब्द या पत्र से विधि छात्रों की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह इसके लिए ईमानदारी से खेद व्यक्त करते हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि छात्रों की भावनाएं और उनकी चिंताएं महत्वपूर्ण हैं तथा खेद जताना प्रतिष्ठा या अहंकार का विषय नहीं है।

Abhijeet Deepke: ‘जो अभिजीत दीपके चाहते हैं, वही हमारा मकसद’

14 अगस्त को मिश्रा ने CJP नेताओं से बातचीत की संभावना को लेकर भी बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि छात्रों के हितों को लेकर किसी तरह का भ्रम नहीं होना चाहिए और युवाओं का हित उनकी प्राथमिकता है। अभिजीत दीपके का जिक्र करते हुए BCI चेयरमैन ने कहा था कि “जो अभिजीत दीपके जी चाहते हैं, युवाओं के हितों की रक्षा करना, वही हमारा भी मकसद है।” उन्होंने यह भी कहा था कि जरूरत पड़ने पर वह CJP नेताओं से बातचीत करने से नहीं कतराएंगे।

अब इसी बयान को लेकर CJP ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और इस्तीफे की मांग कर दी है। फिलहाल, इस नई मांग पर मनन कुमार मिश्रा की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

ये भी पढ़े… ‘वंदे मातरम’ पर घमासान! कांग्रेस पर BJP का हमला- ‘भारत माता का अपमान नहीं सहेगा देश’