Home » Foreign Affairs » Hormuz Strait फिर बंद, ईरान ने अमेरिका और इजरायल पर लगाया वादा तोड़ने का आरोप

Hormuz Strait फिर बंद, ईरान ने अमेरिका और इजरायल पर लगाया वादा तोड़ने का आरोप

Hormuz strait: मिडिल ईस्ट में शांति की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। ईरान की संयुक्त सैन्य कमान ने शनिवार को ऐलान किया कि रणनीतिक रूप से बेहद अहम होर्मुज स्ट्रेट (Hormuz Strait) को एक बार फिर बंद कर दिया गया है। ईरान का आरोप है कि अमेरिका ने युद्ध समाप्त करने से जुड़े समझौते की शर्तों का पालन नहीं किया, जबकि इजरायल ने लेबनान में हमले जारी रखकर सीजफायर का उल्लंघन किया है।

अमेरिका पर समझौता तोड़ने का आरोप

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाहेई ने कहा कि जब तक अमेरिका अपनी जिम्मेदारियां पूरी नहीं करता, तब तक आगे की बातचीत मुश्किल है। उन्होंने साफ कहा कि अंतिम समझौते की दिशा में कोई प्रगति तभी संभव होगी जब युद्धविराम समेत किए गए प्रमुख वादों को लागू किया जाए। ईरान का कहना है कि अगर समझौते की शर्तों का पालन नहीं हुआ तो पूरा समझौता ही खतरे में पड़ सकता है।

Hormuz strait: लेबनान में इजरायली हमलों से बढ़ा विवाद

जानकारी के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच हाल ही में एक अंतरिम समझौता हुआ था, जिसके बाद होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही फिर शुरू हो गई थी। लेकिन सीजफायर की खबरों के कुछ घंटों बाद ही दक्षिणी लेबनान में इजरायल ने कई हवाई हमले किए। इन हमलों में कम से कम 16 लोगों की मौत हुई, जिनमें दो बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। इसके बाद क्षेत्र में तनाव फिर बढ़ गया और ईरान ने इसे समझौते के उल्लंघन से जोड़ते हुए कड़ा रुख अपनाया।

Hormuz strait: इजरायल ने हिज्बुल्लाह को ठहराया जिम्मेदार

इजरायली सेना का दावा है कि हिज्बुल्लाह ने दक्षिणी लेबनान में उसकी सैन्य चौकियों पर 50 से ज्यादा प्रोजेक्टाइल दागे थे। इसके जवाब में सेना ने हिज्बुल्लाह के ठिकानों, रॉकेट लॉन्च साइट्स और कमांड सेंटरों को निशाना बनाया। इजरायल के राजदूत येचिएल लीटर ने कहा कि अगर हिज्बुल्लाह हमले बंद करता है और समझौते का पालन करता है तो इजरायल तत्काल युद्धविराम के लिए प्रतिबद्ध है।

हिज्बुल्लाह ने इजरायल पर लगाया सीजफायर तोड़ने का आरोप

दूसरी ओर हिज्बुल्लाह ने कहा है कि उसने युद्धविराम का पालन करने का वादा किया था, लेकिन इजरायल ने पहले कई बार समझौते का उल्लंघन किया। संगठन ने कहा कि वह सीजफायर का सम्मान करेगा, लेकिन किसी भी हमले का जवाब देने का अधिकार भी रखता है।

दुनिया की नजर होर्मुज स्ट्रेट पर

Hormuz strait: होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल और गैस व्यापार मार्गों में से एक है। यहां से वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है। ऐसे में इसके दोबारा बंद होने से अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार, शिपिंग और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है।

 

 

ये भी पढ़ें: चढ़ावे में पारदर्शिता के लिए बड़ा कदम, अब QR Code से होगा दान