Home » जॉब - एजुकेशन » IIT बॉम्बे छात्र आत्महत्या मामला: प्रोफेसर डूला के समर्थन में फैकल्टी और छात्र, IIT मद्रास ने भी दिया बयान

IIT बॉम्बे छात्र आत्महत्या मामला: प्रोफेसर डूला के समर्थन में फैकल्टी और छात्र, IIT मद्रास ने भी दिया बयान

IIT Bombay Student Suicide Case:

IIT Bombay Student Suicide Case: IIT बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की आत्महत्या का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। मामले की जांच मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच कर रही है। सोमवार देर शाम फॉरेंसिक टीम भी जांच के लिए IIT बॉम्बे कैंपस पहुंची। इस बीच सूत्रों के मुताबिक, क्राइम ब्रांच को कैंपस और एग्जाम रूम से जुड़े अहम CCTV फुटेज मिले हैं, जिन्हें जांच में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दूसरी ओर, प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला के समर्थन में IIT बॉम्बे के फैकल्टी फोरम ने कैंपस में मार्च निकाला। IIT मद्रास की Faculty Association ने भी प्रोफेसर डूला के समर्थन में बयान जारी किया है।

IIT Bombay Student Suicide Case: भारी पुलिस बल तैनात-

मंगलवार को IIT बॉम्बे कैंपस में भारी पुलिस बल तैनात रहा। छात्र संगठनों और राजनीतिक दलों के विरोध प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए सुरक्षा बढ़ाई गई है। इसी बीच IIT बॉम्बे के छात्र प्रतिनिधियों ने संस्थान में हालिया घटनाक्रम को लेकर बयान जारी किया। छात्र प्रतिनिधियों ने कहा कि वे किसी भी तरह के अकादमिक कदाचार या शैक्षणिक बेईमानी का समर्थन नहीं करते। उन्होंने साहिल की मौत को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि इस घटना ने संस्थान की मौजूदा व्यवस्थाओं और प्रक्रियाओं पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत पैदा की है। छात्र प्रतिनिधियों के अनुसार, छात्रों का विरोध अकादमिक कदाचार को सही ठहराने के लिए नहीं था, बल्कि लंबे समय से सामने आ रहे छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर था। उन्होंने ऐसी संस्थागत व्यवस्थाओं में मजबूत और सार्थक सुधार की मांग की, ताकि भविष्य में किसी छात्र को ऐसी परिस्थितियों से न गुजरना पड़े।

IIT Bombay Student Suicide Case: प्रोफेसर डूला के समर्थन में उतरे छात्र-

प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला के समर्थन में IIT बॉम्बे के कुछ छात्र भी सामने आए हैं। छात्रों ने प्रोफेसर डूला पर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया है। IIT बॉम्बे में मैकेनिकल इंजीनियरिंग के थर्ड ईयर के छात्र उत्कर्ष ने कहा कि साहिल की मौत बेहद दुखद है, लेकिन हॉस्टल में कास्ट डिस्क्रिमिनेशन के आरोपों को गलत बताया। सोमवार शाम IIT बॉम्बे के फैकल्टी फोरम ने भी प्रोफेसर डूला के समर्थन में कैंपस मार्च निकाला।

IIT मद्रास की Faculty Association ने क्या कहा-

IIT मद्रास की Faculty Association ने 18 सितंबर 2026 को IIT बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की मौत पर दुख जताया। एसोसिएशन ने IIT बॉम्बे Faculty Forum के उस रुख का समर्थन किया, जिसमें कहा गया है कि प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला ने कोर्स इंस्ट्रक्टर और इनविजिलेटर के तौर पर संस्थान की Senate-approved academic procedures के अनुसार अपनी जिम्मेदारी निभाई। IIT मद्रास Faculty Association ने कहा कि फैकल्टी सदस्यों को परीक्षाओं की निष्पक्षता और अकादमिक integrity बनाए रखने की जिम्मेदारी स्थापित संस्थागत प्रक्रियाओं के तहत निभाने में सक्षम होना चाहिए। एसोसिएशन ने मामले की जांच उचित संस्थागत और कानूनी अधिकारियों से निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से कराने की मांग की।

हॉस्टल से हटाए जा रहे सिलिंग फैन-

साहिल वाकोडे की मौत के बाद IIT बॉम्बे में हॉस्टल के सिलिंग फैन हटाकर वॉल-माउंटेड फैन लगाने की प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, संस्थान के अनुसार यह काम पिछले दो महीने से चल रहा है और हॉस्टल रिनोवेशन का हिस्सा है। संस्थान ने इसे साहिल वाकोडे की मौत के बाद की कार्रवाई से जोड़कर देखने से इनकार किया है

यह भी पढ़े- “हम होर्मुज खोलने को तैयार हैं, अगर…” ईरान ने अमेरिका को भेजा प्रस्ताव, क्या अब थम जाएगा युद्ध?