IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच इन दिनों पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है। भारतीय टीम पहले ही सीरीज गंवा चुकी है और 0-3 से पीछे है। आयरलैंड के खिलाफ भी टीम को 0-2 से हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में इंग्लैंड की स्विंग और सीम वाली परिस्थितियों में भारतीय बल्लेबाजों का संघर्ष एक बार फिर चर्चा का विषय बना हुआ है।
IND vs ENG: 2014 की नाकामी के बाद विराट ने बदली तैयारी-
पूर्व बल्लेबाजी कोच संजय बांगर ने दूरदर्शन के ‘द ग्रेट इंडियन क्रिकेट शो’ में बताया कि 2014 के इंग्लैंड दौरे पर खराब प्रदर्शन के बाद विराट कोहली ने अपनी तैयारी का तरीका पूरी तरह बदल दिया था। उन्होंने इंग्लैंड की परिस्थितियों में सफल होने के लिए अपनी तकनीक पर जमकर मेहनत की।
IND vs ENG: सुबह 6 बजे शुरू होती थी कठिन प्रैक्टिस-
बांगर ने बताया कि मुंबई में ट्रेनिंग सेशन इस तरह तैयार किए जाते थे कि वे इंग्लैंड जैसी परिस्थितियों का एहसास कराएं। टीम सुबह 6 या 6:30 बजे मैदान पहुंच जाती थी, ताकि ओस, नमी और स्विंग का पूरा फायदा मिल सके। उन्होंने बताया कि अगर धूप निकलने से पिच सूखने लगती थी, तो उस पर दोबारा पानी डाला जाता था, जिससे गेंद लगातार स्विंग करती रहे और बल्लेबाज कठिन परिस्थितियों में अभ्यास कर सकें।
स्विंग के खिलाफ बार-बार की प्रैक्टिस-
बांगर के मुताबिक, विराट कोहली ने स्विंग होती गेंद के खिलाफ अपनी तकनीक सुधारने के लिए ऐसे कठिन अभ्यास सत्र कई बार दोहराए। यही मेहनत बाद में इंग्लैंड में उनके बेहतर प्रदर्शन की सबसे बड़ी वजह बनी।
इसी तैयारी से मिली सफलता-
संजय बांगर ने कहा कि केवल विराट ही नहीं, बल्कि टीम के तीन-चार प्रमुख बल्लेबाजों ने भी इन विशेष अभ्यास सत्रों का फायदा उठाया। इसी वजह से भारतीय टीम इंग्लैंड में महत्वपूर्ण मुकाबले जीतने में सफल रही।
अब युवा बल्लेबाजों के सामने वही चुनौती-
फिलहाल आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भारतीय युवा बल्लेबाजी क्रम स्विंग और सीम वाली परिस्थितियों में संघर्ष करता नजर आया है। ऐसे में टीम को आगामी वनडे सीरीज में अनुभवी बल्लेबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। विराट कोहली और रोहित शर्मा पर एक बार फिर बल्लेबाजी की बड़ी जिम्मेदारी रहने की संभावना है।
यह भी पढ़े- बांधवगढ़ में मिला बाघ का कंकाल, मौत की वजह जानने में जुटा वन विभाग








