INDIA Alliance meeeting: विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक ने लगभग दो साल बाद सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक कर एकजुटता का प्रदर्शन किया। दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में आयोजित इस बैठक में 23 विपक्षी दलों के नेताओं ने हिस्सा लिया। हालांकि आम आदमी पार्टी (AAP) और द्रमुक (DMK) बैठक से दूर रहे, जिससे गठबंधन के भीतर मतभेद भी सामने आए। बैठक ऐसे समय हुई है जब हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों के बाद विपक्षी दलों के सामने नई राजनीतिक चुनौतियां खड़ी हुई हैं। पश्चिम बंगाल में चुनावी झटके के बाद तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी की पहल पर यह बैठक बुलाई गई थी।
ममता को मिला विपक्ष का समर्थन
बैठक के दौरान ममता बनर्जी ने कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी से मुलाकात की और बंगाल में चुनाव बाद हिंसा के मुद्दे पर विपक्षी नेताओं से राज्य का दौरा करने का आग्रह किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा उनके सांसदों को तोड़ने की कोशिश कर रही है। दिलचस्प बात यह रही कि लंबे समय तक राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी रहे वाम दलों ने भी इस मौके पर ममता बनर्जी का समर्थन किया। CPI(ML) महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि संकट की इस घड़ी में INDIA गठबंधन ममता के साथ खड़ा है।
INDIA Alliance meeeting: AAP और DMK की गैरमौजूदगी पर चर्चा
बैठक में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने AAP और DMK की अनुपस्थिति का मुद्दा उठाया। AAP पहले ही INDIA गठबंधन से अलग होने का ऐलान कर चुकी है, जबकि DMK ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए बैठक का बहिष्कार किया।
INDIA Alliance meeeting: राहुल गांधी ने CPI(M) को दी सफाई
केरल विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस और CPI(M) के बीच बढ़ी तल्खी भी बैठक में चर्चा का विषय रही। CPI(M) नेता जॉन ब्रिटास ने राहुल गांधी के उन बयानों पर सवाल उठाए, जिनमें उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन पर भाजपा से सांठगांठ के आरोप लगाए थे। सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी ने सफाई देते हुए कहा कि उनके बयान राजनीतिक संदर्भ में थे और उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति या विचारधारा को निशाना बनाना नहीं था।
INDIA Alliance meeeting: 5 अहम मुद्दों पर बनी सहमति
बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बताया कि विपक्षी दलों के बीच पांच प्रमुख मुद्दों पर सहमति बनी है—
- SIR और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी को लेकर भारत के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखा जाएगा।
- शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की जाएगी।
- महंगाई, बेरोजगारी और किसानों के मुद्दों पर केंद्र सरकार से सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग होगी।
- INDIA गठबंधन की बैठक हर दो महीने में आयोजित की जाएगी। अगली बैठक अगस्त में हैदराबाद में होगी।
- संसद के मानसून सत्र के दौरान विपक्षी दलों के बीच नियमित समन्वय जारी रहेगा।
इन नेताओं ने लिया हिस्सा
बैठक में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, ममता बनर्जी, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, सुप्रिया सुले, उमर अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती, डी. राजा, जॉन ब्रिटास और दीपांकर भट्टाचार्य सहित 23 दलों के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
यह भी पढे़ : विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में बड़ा हादसा: पिघला स्टील गिरने से 8 मजदूरों की मौत, कई घायल








