India heatwave 2026: देश के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, ओडिशा और दिल्ली में कई जगह तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में लू चलने का अलर्ट जारी किया है।
मध्य प्रदेश में पहली बार रात में लू का अलर्ट
भोपाल समेत 16 जिलों में लू चलने की चेतावनी दी गई है। खास बात यह है कि भोपाल में पहली बार रात के समय भी हीटवेव की स्थिति बनने की आशंका जताई गई है। छिंदवाड़ा, मंडला, नर्मदापुरम, ग्वालियर, रतलाम और छतरपुर सहित कई जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है।
India heatwave 2026: प्रयागराज सबसे गर्म, स्कूलों का समय बदला
प्रयागराज 44.4°C तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा। गर्मी को देखते हुए उत्तर प्रदेश में 8वीं तक के स्कूलों का समय बदल दिया गया है। झारखंड में भी इसी तरह के कदम उठाए गए हैं।
India heatwave 2026: महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ में दोपहर में काम पर रोक
गोंदिया और बिलासपुर में तापमान 43°C तक पहुंच गया। प्रशासन ने दोपहर 12:30 से 4 बजे तक ट्रैफिक सिग्नल बंद रखने और धूप में काम करने पर रोक लगा दी है। ट्रैफिक पुलिस और मजदूरों के काम के समय में भी बदलाव किया गया है।
India heatwave 2026: असम में बाढ़ जैसे हालात, एक की मौत
गुवाहाटी में मूसलाधार बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। खानापारा इलाके में 21.59 सेमी बारिश दर्ज की गई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ और एक महिला की मौत हो गई। हालात को देखते हुए स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
पूर्वोत्तर में अगले 15 दिन भारी बारिश का अनुमान
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अरुणाचल प्रदेश, मेघालय और नगालैंड में अगले 15 दिनों तक भारी बारिश हो सकती है। 20 से 22 अप्रैल के बीच कई इलाकों में तेज बारिश और 24 अप्रैल से फिर बारिश बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मध्य प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, छत्तीसगढ़, ओडिशा और महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में रात में भी लू चलने की चेतावनी दी है।
22 और 23 अप्रैल का पूर्वानुमान
22 अप्रैल:
- झारखंड, ओडिशा और राजस्थान में हीटवेव जैसे हालात
- कर्नाटक और तमिलनाडु में गर्म और उमस भरा मौसम
- पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश और कई जगह बिजली गिरने का अलर्ट
23 अप्रैल:
- उत्तर-पश्चिम भारत में गर्मी का असर जारी
- झारखंड, ओडिशा और बिहार में उमस भरा मौसम
- दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश
यह भी पढे़ : केरल के त्रिशूर में पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट, 13 की मौत; कई झुलसे, शेड में काम कर रहे थे 40 मजदूर








