Indore Murder Case: इंदौर की डाककुंज कॉलोनी स्थित सरकारी आवास में शनिवार को डाक विभाग की पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी (38) की हत्या कर दी गई। स्कूल से लौटे दोनों बच्चों ने घर के अंदर अपनी मां का खून से लथपथ शव देखा। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
Indore Murder Case: पति फरार, पुलिस ने शुरू की तलाश-
हत्या के बाद से महिला का पति अखिलेश सैनी फरार है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है।
Indore Murder Case: स्कूल से लौटे बच्चों ने देखा दर्दनाक मंजर-
दोपहर करीब एक बजे दोनों बच्चे स्कूल से घर पहुंचे। घर का मुख्य दरवाजा खुला था और टीवी तेज आवाज में चल रहा था। अंदर पहुंचते ही उन्होंने अपनी मां का शव खून से लथपथ हालत में देखा। घबराए बच्चों ने अपने नाना को फोन किया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सुबह बच्चों से कहा था- भोपाल जा रहे हैं-
परिजनों के मुताबिक, शनिवार सुबह आरोपी अखिलेश सैनी स्कूल पहुंचा था। उसने बच्चों से कहा कि वह और उनकी मां भोपाल जा रहे हैं तथा स्कूल के बाद मौसी के घर चले जाना। उसने बेटी को घर की चाबी, एटीएम कार्ड और कुछ जरूरी जानकारी भी दी थी। हालांकि छुट्टी के बाद बच्चे सीधे घर पहुंच गए, जहां उन्हें यह दर्दनाक दृश्य देखने को मिला।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप-
महिला के परिजनों का आरोप है कि अखिलेश सैनी कोई स्थायी काम नहीं करता था और आए दिन पत्नी से विवाद करता था। उनका कहना है कि घरेलू विवाद के चलते उसने गुस्से में आकर उर्मिला की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने बताई विवाद की बात-
पड़ोसियों के अनुसार, उर्मिला सैनी एमजी रोड स्थित डाक विभाग के डिविजनल ऑफिस में पोस्टल असिस्टेंट थीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी पत्नी पर शक करता था और दोनों के बीच पहले भी विवाद हो चुके थे। भोपाल में रहते समय भी मामला थाने तक पहुंचा था, लेकिन बाद में समझौता हो गया था।
जांच में जुटी पुलिस, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार-
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि हत्या की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट होगी। फिलहाल फरार आरोपी की तलाश जारी है।
यह भी पढ़े- लॉर्ड्स में हरमनप्रीत कौर ने रचा इतिहास, तीनों फॉर्मेट में फिफ्टी लगाने वाली पहली भारतीय बनीं








