Home » अंतर्राष्ट्रीय » ईरान का ट्रम्प पर तीखा हमला,“एक घंटे में कई गलत दावे”, उधर ट्रम्प बोले-तेहरान यूरेनियम सौंपने को तैयार

ईरान का ट्रम्प पर तीखा हमला,“एक घंटे में कई गलत दावे”, उधर ट्रम्प बोले-तेहरान यूरेनियम सौंपने को तैयार

ईरान-अमेरिका तनाव, ट्रम्प के दावों पर जवाब
Spread the love

Iran US Tension News: ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच बयानबाज़ी लगातार तेज होती जा रही है। ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बगेर ग़ालिबफ़ ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर आरोप लगाया कि उन्होंने सिर्फ एक घंटे के भीतर सात झूठे दावे किए। गालिबाफ का कहना है कि इस तरह के दावों से न तो अमेरिका युद्ध जीत सकता है और न ही बातचीत में कोई फायदा हासिल कर सकता है। हालांकि उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में यह साफ नहीं किया कि वे किन बयानों की ओर इशारा कर रहे थे, लेकिन उन्होंने यह जरूर कहा कि मीडिया के जरिए लोगों की सोच को प्रभावित करने की कोशिश हो रही है, और ईरान की जनता इस तरह के दबाव में आने वाली नहीं है।

ईरान-अमेरिका तनाव, ट्रम्प के दावों पर जवाब
ईरान-अमेरिका तनाव, ट्रम्प के दावों पर जवाब

ट्रम्प के दावे और ईरान का खंडन

दरअसल, ट्रम्प ने हाल के दिनों में कई बड़े दावे किए। उन्होंने कहा कि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को कभी बंद न करने पर सहमति दे दी है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान अपने एनरिच्ड यूरेनियम को अमेरिका के साथ मिलकर देश से बाहर भेजेगा। इन दावों को ईरान ने पूरी तरह खारिज कर दिया। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई ने स्पष्ट कहा कि ईरान अपना एनरिच्ड यूरेनियम किसी भी हालत में कहीं ट्रांसफर नहीं करेगा और यह देश के लिए बेहद अहम संपत्ति है।

होर्मुज स्ट्रेट को लेकर अनिश्चित स्थिति

होर्मुज स्ट्रेट को लेकर स्थिति अभी भी स्पष्ट नहीं है। गालिबाफ ने चेतावनी दी कि अगर अमेरिका अपनी नाकेबंदी जारी रखता है, तो यह समुद्री रास्ता पूरी तरह खुला नहीं रहेगा और वहां से गुजरने के लिए ईरान की अनुमति जरूरी होगी। उन्होंने कहा कि जहाजों की आवाजाही तय रूट और नियमों के अनुसार ही होगी। उनके मुताबिक, यह फैसला सोशल मीडिया पर किए गए दावों से नहीं बल्कि जमीनी हालात से तय होगा। दूसरी ओर, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने कहा है कि नाकेबंदी तब तक जारी रहेगी, जब तक ट्रम्प इसे हटाने का आदेश नहीं देते। ट्रम्प पहले ही कह चुके हैं कि जब तक ईरान शांति समझौते पर हस्ताक्षर नहीं करता, तब तक यह नाकेबंदी खत्म नहीं होगी।

Iran US Tension News: पिछले 24 घंटों के प्रमुख घटनाक्रम

पिछले 24 घंटों में कई अहम घटनाएं सामने आई हैं। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि फिलहाल होर्मुज स्ट्रेट सभी व्यापारिक जहाजों के लिए खुला है और आवाजाही सामान्य है। वहीं ईरान ने चेतावनी दी कि अगर अमेरिकी नाकेबंदी जारी रही तो यह रास्ता फिर से बंद किया जा सकता है। ट्रम्प ने दावा किया कि समझौते में अब ज्यादा बाधाएं नहीं बची हैं, लेकिन डील पूरी होने तक नौसैनिक नाकेबंदी जारी रहेगी। इजराइल और लेबनान के बीच सीजफायर लागू होने के बाद हजारों लोग अपने घरों की ओर लौटने लगे हैं। साथ ही ट्रम्प ने कहा कि सीजफायर के दौरान इजराइल को बमबारी करने की अनुमति नहीं है।

ईरान-अमेरिका तनाव, ट्रम्प के दावों पर जवाब
ईरान-अमेरिका तनाव, ट्रम्प के दावों पर जवाब

यूरेनियम को लेकर बढ़ता तनाव

ट्रम्प ने एक बार फिर दोहराया कि अमेरिका किसी भी हालत में ईरान के पास मौजूद अधिक मात्रा में एनरिच्ड यूरेनियम हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि अगर बातचीत से समाधान नहीं निकला, तो इसके लिए सख्त कदम भी उठाए जा सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर समझौता हो जाता है, तो अमेरिका और ईरान मिलकर इस यूरेनियम को बाहर निकालेंगे और पूरी मात्रा अमेरिका ले जाई जाएगी। हालांकि ईरान ने इस दावे को पूरी तरह नकार दिया है। ईरान की नेशनल सिक्योरिटी कमेटी के प्रवक्ता इब्राहिम रेज़ाई ने कहा कि देश अपना यूरेनियम बाहर नहीं भेजेगा और एनरिचमेंट को पूरी तरह खत्म करने का कोई सवाल नहीं उठता।

Iran US Tension News: समझौते पर अटकी बातचीत और चेतावनी

ट्रम्प ने यह भी चेतावनी दी कि अगर तय समय तक समझौता नहीं हुआ, तो मौजूदा सीजफायर खत्म किया जा सकता है और फिर से बमबारी शुरू हो सकती है। यह बयान ऐसे समय में आया है जब दोनों देशों के बीच बातचीत आगे बढ़ने के बजाय अटकती नजर आ रही है। हाल ही में पाकिस्तान में हुई अप्रत्यक्ष बातचीत से भी कोई ठोस नतीजा नहीं निकला। मुख्य मतभेद तीन मुद्दों पर हैं ईरान पर लगे प्रतिबंध हटेंगे या नहीं, परमाणु कार्यक्रम को कितना सीमित किया जाएगा, और समुद्री मार्गों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाएगी। विशेषज्ञों का मानना है कि ईरान के पास मौजूद करीब 440 किलो एनरिच्ड यूरेनियम को हटाना आसान नहीं है और इसमें काफी समय लग सकता है।

ईरान-अमेरिका तनाव, ट्रम्प के दावों पर जवाब
ईरान-अमेरिका तनाव, ट्रम्प के दावों पर जवाब

समुद्री तनाव और जहाजों की आवाजाही

अमेरिका की नाकेबंदी के चलते कई जहाजों को अपना रास्ता बदलना पड़ा है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार, नाकेबंदी शुरू होने के बाद 21 जहाज वापस लौट चुके हैं। वहीं ईरान का कहना है कि उसने होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोल दिया है, लेकिन साथ ही चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका ने नाकेबंदी नहीं हटाई तो इसे दोबारा बंद किया जा सकता है। हालात अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हैं और शिपिंग कंपनियां सतर्क बनी हुई हैं।

तेल बाजार और अन्य वैश्विक प्रभाव

इस पूरे तनाव का असर वैश्विक तेल बाजार पर भी पड़ा है। होर्मुज स्ट्रेट को खोलने की खबर के बाद तेल की कीमतों में गिरावट देखी गई। अमेरिका ने रूसी तेल की खरीद पर दी गई छूट को 30 दिनों के लिए बढ़ा दिया है, ताकि वैश्विक सप्लाई बनी रहे। बताया जा रहा है कि इससे बड़ी मात्रा में तेल बाजार में आ सकता है।

ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबाफ
ईरान-अमेरिका तनाव, ट्रम्प के दावों पर जवाब

अन्य अहम घटनाएं और बयान

संघर्ष के बाद पहली बार एक क्रूज जहाज ने होर्मुज स्ट्रेट पार किया, जो बिना यात्रियों के ओमान की ओर जा रहा है। ट्रम्प ने कहा कि इस रास्ते से गुजरने वाले जहाजों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा और अगर किसी ने ईरान को भुगतान किया, तो अमेरिका कार्रवाई कर सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि चीन के राष्ट्रपति Xi Jinping इस बात से खुश हैं कि यह रास्ता खुला है और दोनों नेताओं की संभावित मुलाकात ऐतिहासिक हो सकती है। पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच समझौता करीब है, हालांकि अभी कुछ मुद्दों पर सहमति बनना बाकी है।

ये भी पढ़े: चिन्नास्वामी में आरसीबी बनाम दिल्ली महामुकाबला, हेड टू हेड में किसका पलड़ा भारी, जानें पूरी पिच रिपोर्ट

 

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments