RCB vs DC: आईपीएल 2026 का 26वां मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के बीच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस सीजन में विराट कोहली की टीम आरसीबी ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है और 5 में से 4 मैच जीतकर मजबूत स्थिति में है। दूसरी ओर दिल्ली कैपिटल्स ने 4 में से 2 मैच जीते हैं। हालांकि, अपने घरेलू मैदान पर आरसीबी को हराना दिल्ली के लिए आसान नहीं होगा, क्योंकि बेंगलुरु में यह टीम अक्सर बेहद मजबूत नजर आती है और यहां हाई-स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते हैं। अब सभी की नजर इस बात पर है कि इस मैच में बल्लेबाज हावी होंगे या गेंदबाज।

एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच रिपोर्ट
एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच को आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए बेहद अनुकूल माना जाता है। यहां अक्सर बड़े स्कोर बनते हैं और दर्शकों को हाई-स्कोरिंग मैच देखने को मिलते हैं। इसी मैदान पर आरसीबी ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 250 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था, जो इस पिच की बल्लेबाजी अनुकूलता को दिखाता है। वहीं पिछले मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 146 रन बनाए थे, जिसे आरसीबी ने सिर्फ 15.1 ओवर में आसानी से हासिल कर लिया था।
इस मैदान पर गेंदबाजों के लिए ज्यादा मदद नहीं रहती, लेकिन शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को थोड़ी बहुत स्विंग और मूवमेंट मिल सकती है। आमतौर पर यहां टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी यानी रन चेज करना ज्यादा पसंद करती है क्योंकि बाद में बल्लेबाजी आसान हो जाती है।

RCB vs DC: आरसीबी बनाम डीसी हेड टू हेड रिकॉर्ड
आईपीएल इतिहास में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स के बीच अब तक कुल 33 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें आरसीबी ने 20 मैचों में जीत दर्ज की है जबकि दिल्ली कैपिटल्स ने 12 मैच अपने नाम किए हैं। एक मुकाबला बिना किसी परिणाम के समाप्त हुआ है। इन आंकड़ों से साफ है कि हेड टू हेड रिकॉर्ड में आरसीबी का पलड़ा भारी रहा है। मौजूदा फॉर्म और घरेलू परिस्थितियों को देखते हुए भी इस मैच में आरसीबी को मजबूत दावेदार माना जा रहा है।

आरसीबी और डीसी की पूरी टीम (स्क्वाड डिटेल्स)
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB)
रजत पाटीदार की कप्तानी वाली आरसीबी टीम में विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, फिल साल्ट, जितेश शर्मा, क्रुणाल पंड्या, स्वप्निल सिंह, टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, जैकब बेथेल, जोश हेजलवुड, यश दयाल, भुवनेश्वर कुमार, नुवान तुषारा, रसिख सलाम, अभिनंदन सिंह, सुयश शर्मा, वेंकटेश अय्यर, जैकब डफी, सात्विक देसवाल, मंगेश यादव, जॉर्डन कॉक्स, विक्की ओस्टवाल, विहान मल्होत्रा और कनिष्क चौहान शामिल हैं।
दिल्ली कैपिटल्स (DC)
अक्षर पटेल की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स की टीम में नीतीश राणा, अभिषेक पोरेल, अजय मंडल, आशुतोष शर्मा, दुष्मंथा चमीरा, करुण नायर, केएल राहुल, कुलदीप यादव, माधव तिवारी, मिचेल स्टार्क, समीर रिजवी, टी नटराजन, त्रिपुराना विजय, ट्रिस्टन स्टब्स, विप्रज निगम, डेविड मिलर, बेन डकेट, औकिब नबी, पथुम निसांका, लुंगी एनगिडी, साहिल पारख, पृथ्वी शॉ और काइल जैमीसन शामिल हैं।
ये भी पढ़े: UP में सख्ती: अब बिना HSRP के नहीं बनेगा PUC, 2 करोड़ वाहन मालिकों पर असर








