Justice for Ketan Agarwal: पुणे के पास लोनावला स्थित लोहागढ़ किले पर हुई केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में उसकी मां राखी अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भावुक ईमेल लिखकर अपने बेटे के लिए न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने ईमेल में अपने परिवार पर टूटे दुखों का जिक्र करते हुए मामले की जांच और सुनवाई में तेजी लाने तथा दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की अपील की है।राखी अग्रवाल ने लिखा कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि एक दिन उन्हें अपने ही बेटे के लिए इंसाफ मांगने के लिए देश के प्रधानमंत्री को ईमेल लिखना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि हर मां का सपना होता है कि वह अपने बेटे को पढ़ते-लिखते, शादी करते, परिवार बसाते और खुशहाल जिंदगी जीते हुए देखे, लेकिन किस्मत ने उन्हें बेटे की अर्थी को कंधा देने का दर्द दिया।
“घर का हर कोना बेटे की याद दिलाता है”
अपने ईमेल में राखी अग्रवाल ने लिखा कि केतन की हत्या ने उनके परिवार की पूरी दुनिया उजाड़ दी है। घर का हर कोना, उसका कमरा, उसके कपड़े और तस्वीरें हर दिन उन्हें बेटे की याद दिलाते हैं। उन्होंने कहा कि इस दुख से परिवार अब तक उबर नहीं पाया है और हर दिन उनके लिए किसी परीक्षा से कम नहीं है।उन्होंने बताया कि बेटे की मौत का सदमा परिवार के लिए इतना गहरा था कि कुछ ही दिनों बाद केतन के दादा का भी निधन हो गया। वह अपने पोते की मौत का दर्द सहन नहीं कर सके। राखी अग्रवाल ने लिखा कि कुछ ही दिनों के भीतर उनका परिवार दो पीढ़ियों को खो चुका है और इस पीड़ा को शब्दों में बयां करना संभव नहीं है।
Justice for Ketan Agarwal: “सहानुभूति नहीं, सिर्फ न्याय चाहिए”
प्रधानमंत्री मोदी से की गई अपील में राखी अग्रवाल ने साफ कहा कि उन्हें किसी प्रकार की सहानुभूति या विशेष कृपा नहीं चाहिए। उनकी सिर्फ एक मांग है कि उनके बेटे की हत्या करने वालों को कानून के तहत जल्द से जल्द सख्त सजा मिले। उन्होंने कहा कि केतन अब कभी वापस नहीं आएगा, लेकिन यदि दोषियों को कड़ी सजा मिलती है तो उन्हें यह संतोष जरूर होगा कि उनके बेटे को न्याय मिला।उन्होंने यह भी आग्रह किया कि इस मामले को केवल एक और केस फाइल बनाकर न छोड़ दिया जाए। उनके लिए केतन केवल एक नाम नहीं था, बल्कि वह उनका बेटा, परिवार की उम्मीद और उनकी पूरी दुनिया था। उन्होंने लिखा कि हर रात वह बेटे की तस्वीर देखकर यही प्रार्थना करती हैं कि एक दिन गर्व से कह सकें— “बेटा, तुझे इंसाफ मिल गया।”
Justice for Ketan Agarwal: जांच और सुनवाई में तेजी लाने की मांग
राखी अग्रवाल ने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि इस हत्याकांड की जांच और न्यायिक प्रक्रिया में किसी तरह की अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने कहा कि दोषियों को कानून के अनुसार जल्द से जल्द कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि उनके परिवार को न्याय मिल सके और समाज में भी यह संदेश जाए कि ऐसे जघन्य अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।उन्होंने उम्मीद जताई कि एक दुखी मां की यह पुकार देश के प्रधानमंत्री तक जरूर पहुंचेगी और उनके बेटे के हत्यारों को कानून के दायरे में लाकर जल्द न्याय दिलाया जाएगा।
ये भी पढ़े…..₹2500 पर लगा बड़ा फिल्टर ! रेखा गुप्ता सरकार ने बदले नियम, अब सिर्फ इन महिलाओं को मिलेगा हर महीने फायदा








