Kerala Congress Victory: केरल की राजनीति में एक बड़ा बदलाव दर्ज हुआ है, जहां एक दशक बाद कांग्रेस ने सत्ता में वापसी करते हुए न सिर्फ एलडीएफ सरकार को बाहर किया, बल्कि देश के राजनीतिक मानचित्र से वामपंथी सरकार के आखिरी गढ़ को भी खत्म कर दिया। इस जीत के पीछे कई रणनीतिक फैसले और संगठनात्मक सुधार अहम साबित हुए।
आंतरिक कलह पर नियंत्रण और नेतृत्व की सक्रियता
कांग्रेस की सबसे बड़ी कमजोरी रही आंतरिक गुटबाजी को इस बार नेतृत्व ने समय रहते संभाल लिया। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने नाराज चल रहे शशि थरूर को मनाकर उन्हें चुनाव अभियान में अहम जिम्मेदारी दी। इसके साथ ही केसी वेणुगोपाल ने बागी नेताओं से सीधे संपर्क कर पार्टी को एकजुट दिखाने में अहम भूमिका निभाई।
Kerala Congress Victory: बड़ा बदलाव और युवा चेहरों पर दांव
इस चुनाव में कांग्रेस ने पारंपरिक राजनीति से हटकर कड़े फैसले लिए। मौजूदा सांसदों को चुनाव मैदान से दूर रखकर पार्टी ने नए और युवा चेहरों को मौका दिया। यह रणनीति जनता के बीच बदलाव के संदेश के रूप में गई और कांग्रेस को इसका सीधा फायदा मिला।
Kerala Congress Victory: राहुल गांधी का आक्रामक चुनावी अभियान
चुनाव में राहुल गांधी ने सीधे मोर्चा संभाला और पिनराई विजयन सरकार पर भ्रष्टाचार और मिलीभगत के आरोप लगाए। इसके साथ ही कांग्रेस ने स्वास्थ्य बीमा जैसी बड़ी योजनाओं के वादों को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाया, जिससे मतदाताओं के बीच भरोसा बना।
सामाजिक समीकरण और गठबंधन की मजबूती
कांग्रेस ने केरल के जातीय और धार्मिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए रणनीति बनाई। नायर समुदाय से आने वाले नेताओं को आगे रखकर बड़े वोट बैंक को साधा गया। साथ ही इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के साथ गठबंधन और ईसाई समुदाय के प्रतिनिधित्व को मजबूत कर पार्टी ने अल्पसंख्यक वोटों को एकजुट बनाए रखा।
एंटी-इंकम्बेंसी का फायदा
केरल की राजनीति में हर पांच साल में सरकार बदलने का ट्रेंड रहा है। पिनराई विजयन के नेतृत्व में एलडीएफ ने लगातार 10 साल तक शासन किया, लेकिन लंबे कार्यकाल के बाद सत्ता विरोधी लहर मजबूत हो गई। कांग्रेस ने इस बार कोई बड़ी रणनीतिक गलती नहीं की और इसी लहर का पूरा फायदा उठाते हुए सत्ता में वापसी कर ली।
केरल में कांग्रेस की यह जीत सिर्फ एक चुनावी सफलता नहीं, बल्कि संगठनात्मक सुधार और सटीक रणनीति का परिणाम मानी जा रही है, जिसने वामपंथी राजनीति के लंबे दौर को समाप्त कर दिया।
यह भी पढे़ : केरल में लेफ्ट का अंत: 49 साल में पहली बार देश में कहीं नहीं बची वामपंथी सरकार








