Ketan Agarwal Murder Case: कारोबारी केतन अग्रवाल की लोहगढ़ किले में हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। इस केस में गिरफ्तार मंगेतर सिया गोयल ने पुलिस पूछताछ के दौरान ऐसा दावा किया है, जिसने जांच टीम को भी हैरान कर दिया है। सिया का कहना है कि केतन के सिर पर बाल नहीं थे और वह विग पहनता था। यही बात उसे स्वीकार नहीं थी और इसी वजह से वह उससे शादी नहीं करना चाहती थी।
विग को लेकर बढ़ी नाराजगी, फिर रची हत्या की साजिश
पुलिस के अनुसार, सिया गोयल ने पूछताछ में दावा किया कि केतन के गंजेपन और विग पहनने की बात उसे पसंद नहीं थी। इसी कारण उसने अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन की हत्या की साजिश रची। आरोप है कि दोनों ने योजना बनाकर लोहगढ़ किले पर केतन की हत्या कर दी।हालांकि, पुलिस अभी सिया के इस दावे की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के पीछे केवल यही कारण था या इसके अलावा भी कोई अन्य वजह मौजूद थी।
Ketan Agarwal Murder Case:गिरफ्तारी के बाद सिया से मिलने नहीं पहुंचा कोई परिजन
लोनावाला ग्रामीण पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद से अब तक सिया गोयल से मिलने उसके परिवार का कोई सदस्य पुलिस स्टेशन नहीं पहुंचा है। आमतौर पर किसी भी आरोपी से मिलने उसके परिजन आते हैं, लेकिन इस मामले में ऐसा नहीं हुआ। सिया के माता-पिता और भाई घर पर मौजूद हैं, फिर भी किसी ने उससे मुलाकात नहीं की। वहीं, सह-आरोपी चेतन चौधरी के पिता पुलिस स्टेशन पहुंचकर मामले की जानकारी लेते रहे।
Ketan Agarwal Murder Case:डमी बॉडी से दोबारा बनाया जाएगा क्राइम सीन
जांच को और मजबूत बनाने के लिए पुणे ग्रामीण पुलिस अब लोहगढ़ किले पर मर्डर सीन को दोबारा रीक्रिएट करेगी। इसके लिए डमी बॉडी का इस्तेमाल किया जाएगा ताकि यह समझा जा सके कि वारदात के समय दोनों आरोपियों की स्थिति क्या थी और हमला किस तरह किया गया था। पुलिस हमले की दिशा, घटनास्थल की परिस्थितियों और दोनों आरोपियों की भूमिका का वैज्ञानिक तरीके से विश्लेषण करेगी।पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले के अधिकांश सबूत परिस्थितिजन्य हैं, इसलिए हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। क्राइम सीन रीक्रिएशन की तारीख अभी तय नहीं की गई है।
सिया के भाई से भी हो रही पूछताछ
जांच के दौरान पुलिस ने सिया गोयल के भाई को भी पूछताछ के लिए बुलाया है। अधिकारी यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या सिया ने शादी को लेकर पहले कभी आपत्ति जताई थी, क्या उसने अपने परिवार को केतन के बारे में कोई शिकायत या असहमति बताई थी और क्या परिवार को उसके रिश्ते या कथित साजिश की कोई जानकारी थी।पुलिस का मानना है कि परिवार से मिली जानकारी जांच में अहम भूमिका निभा सकती है। वहीं, पूरे मामले की हर कड़ी को जोड़कर पुलिस हत्या के पीछे की असली वजह और घटनाक्रम को स्पष्ट करने में जुटी हुई है।
ये भी पढ़े……..आंध्र प्रदेश में वन्यजीव तस्करी का बड़ा खुलासा, डीआरआई ने दुर्लभ जानवरों को बचाया







