Lucknow Fire Incident: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड की सूचना मिलते ही अपना अलीगढ़ दौरा बीच में ही रद्द कर दिया। मुख्यमंत्री उस समय अलीगढ़ में लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल थे। हादसे की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल लखनऊ लौटने का फैसला लिया।
“कुछ बच्चों की दुखद मौत हुई है” : मुख्यमंत्री
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी इच्छा अलीगढ़ में रुकने की थी, लेकिन लखनऊ में हुई दुखद दुर्घटना के कारण उन्हें तत्काल वापस जाना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि अग्निकांड में कुछ बच्चों की मौत की सूचना मिली है और प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है।
Lucknow Fire Incident: घायलों के बेहतर इलाज के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उनका जिला मुख्यालय पर रात्रि विश्राम और अगले दिन हाथरस दौरे का कार्यक्रम भी रद्द कर दिया गया।
Lucknow Fire Incident: अधिकारियों को मौके पर भेजा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्होंने पुलिस महानिदेशक (DGP) और अपर मुख्य सचिव (गृह) को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मामले की गहराई से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर जताया शोक
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि लखनऊ में हुई अग्नि दुर्घटना अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
लखनऊ में अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है।
मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।
प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। pic.twitter.com/GR7TUpy82E
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) June 22, 2026
अलीगढ़ में विकास कार्यों की समीक्षा
लखनऊ रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ने अलीगढ़ में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने करसुआ स्थित आईटीएम कॉलेज पहुंचकर राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय का निरीक्षण किया और विकास कार्यों की समीक्षा की। इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में लोक निर्माण विभाग की परियोजनाओं, कानून-व्यवस्था और विकास योजनाओं को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक भी की।
कलेक्ट्रेट परिसर कराया खाली
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान अलीगढ़ कलेक्ट्रेट परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। परिसर के करीब 200 से 300 मीटर के दायरे को खाली कराया गया और आम लोगों के साथ-साथ मीडियाकर्मियों के प्रवेश पर भी अस्थायी रोक लगाई गई।
यह भी पढे़ : लखनऊ के अलीगंज में कोचिंग सेंटर में भीषण आग, जान बचाने के लिए बिल्डिंग से कूदे छात्र








