Home » उत्तर प्रदेश » लखनऊ में UPSC छात्रा से गैंगरेप, कॉफी में नशीली गोली देकर 3 दिन तक की दरिंदगी

लखनऊ में UPSC छात्रा से गैंगरेप, कॉफी में नशीली गोली देकर 3 दिन तक की दरिंदगी

Lucknow rape: दिल्ली में यूपीएससी की तैयारी कर रही एक युवती के साथ लखनऊ में बंधक बनाकर गैंगरेप करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता मूल रूप से जौनपुर की रहने वाली है और दिल्ली जा रही थी, तभी लखनऊ के चारबाग स्टेशन पर उसके एक परिचित युवक ने उसे ट्रेन से नीचे उतार लिया। इसके बाद आरोपी उसे सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में स्थित अपने कमरे पर ले गया, जहां उसने कॉफी में नींद की गोली मिलाकर युवती को बेहोश कर दिया और उसके साथ गलत काम किया। उसी शाम आरोपी के एक दोस्त ने भी युवती के साथ जबरदस्ती की। अगले दिन इस घिनौने खेल में उनका एक और साथी शामिल हो गया और तीनों ने मिलकर तीन दिनों तक युवती को बंधक बनाकर उसके साथ बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया। लगातार तीन दिन तक इस हैवानियत को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी ने कैब बुक करके युवती को चारबाग स्टेशन भेजा और सुहेलदेव एक्सप्रेस का टिकट कराकर दिल्ली के लिए रवाना कर दिया।

Lucknow rape: नशीली दवा देकर कमरे में किया बंधक

पीड़िता दिल्ली के एक प्राइवेट कॉलेज से बीए ऑनर्स की पढ़ाई कर रही है और साथ ही यूपीएससी की तैयारी में जुटी है। कॉलेज में छुट्टियां होने की वजह से वह बीती एक मई को जौनपुर स्थित अपने घर आई थी। परीक्षा का एडमिट कार्ड आ जाने के कारण वह 15 मई को वापस दिल्ली जाने के लिए निकली थी। उसके पिता ने उसे जाफराबाद स्टेशन पर सुहेलदेव एक्सप्रेस में बैठाया था। ट्रेन चलने के बाद युवती ने जौनपुर के जलालपुर निवासी शिवम यादव को व्हाट्सएप पर मैसेज किया, जिसे वह पिछले चार साल से जानती थी। जब ट्रेन लखनऊ पहुंची, तो शिवम अपने एक दोस्त के साथ चारबाग स्टेशन पर उससे मिलने आया और बातों में फंसाकर उसे ट्रेन से उतार लिया। इसके बाद वह उसे अपने कमरे पर ले गया और इस वारदात को अंजाम दिया।

परिजनों ने रेलवे हेल्पलाइन से मांगी मदद

Lucknow rape: तीन दिनों तक दरिंदगी झेलने के बाद जब युवती दिल्ली के लिए रवाना हुई, तो उसने हिम्मत जुटाकर फोन पर अपने परिवार को पूरी आपबीती सुनाई। बेटी की बात सुनकर सहमे पिता ने तुरंत 139 रेलवे हेल्पलाइन पर संपर्क कर मदद की गुहार लगाई। सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम ट्रेन में युवती के पास पहुंची और उससे बात करके स्थिति को संभाला। इसके बाद जीआरपी युवती को दिल्ली के आनंद विहार थाने लेकर आई, जहां अगले दिन उसके परिजन भी पहुंच गए। युवती के बयानों के आधार पर आनंद विहार पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवम यादव और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

 

ये भी पढ़ें: मां के प्रेमी की हत्या कर जंगल में दफनाया शव, एक महीने बाद चतरा पुलिस ने किया खुलासा

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments