Madurai Murder: मदुरै में 17 वर्षीय किशोर की हत्या के बाद तमिलनाडु की राजनीति गरमा गई है। भाजपा ने इस घटना को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कानून व्यवस्था और बढ़ती जातीय हिंसा पर गंभीर चिंता जताई है।
तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन (Nainar Nagendran) ने कहा कि राज्य में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और सरकार इन्हें रोकने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। भाजपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस हत्या को “बेहद चौंकाने वाली घटना” बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मीनाक्षी मंदिर के पास हुई थी हत्या
पुलिस के मुताबिक, मदुरै कॉरपोरेशन के वाहन पार्किंग क्षेत्र के पास सोमवार तड़के 17 वर्षीय किशोर की हत्या कर दी गई। बताया गया कि किशोर वहां सो रहा था, तभी हथियारों से लैस पांच लोगों के गिरोह ने उस पर हमला कर दिया। पुलिस ने मामले में सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें मुथुमणि नाम का युवक भी शामिल है।
Madurai Murder: BJP ने मुख्यमंत्री विजय पर साधा निशाना
नैनार नगेंद्रन ने मुख्यमंत्री विजय पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य के लोग हर दिन डर और असुरक्षा के माहौल में जी रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि “मुख्यमंत्री विजय को शासन के बुनियादी सिद्धांत सीखने से पहले और कितनी जानें जानी चाहिए?” भाजपा का कहना है कि चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था को बड़ा मुद्दा बनाने वाली सरकार अब इस मोर्चे पर पूरी तरह नाकाम दिखाई दे रही है।
जातीय तनाव और हिंसा फिर चर्चा में
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हत्या हाल ही में हुए चिथिरई उत्सव के दौरान हुए विवाद से जुड़ी पुरानी रंजिश का परिणाम हो सकती है। इस घटना के बाद दक्षिण तमिलनाडु में लगातार सामने आ रही जातीय हिंसा और प्रतिशोधी हत्याओं को लेकर बहस तेज हो गई है। मदुरै, थेनी, तिरुनेलवेली, तूतुकुड़ी, रामनाथपुरम और शिवगंगा जैसे जिलों में पहले भी ऐसी घटनाएं सामने आती रही हैं। सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि कई मामलों को व्यक्तिगत विवाद बताकर पेश किया जाता है, जबकि इनके पीछे गहरे जातीय तनाव भी बड़ी वजह होते हैं।
ये भी पढ़े… ताजमहल देखने पहुंचे अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, बोले – भारत की विरासत अद्भुत








