Home » महाराष्ट्र » महाराष्ट्र में अबू आजमी का बड़ा बयान बोले- ‘मुसलमान असुरक्षित, दाढ़ी वालों को कब कौन मार दे, नहीं पता’

महाराष्ट्र में अबू आजमी का बड़ा बयान बोले- ‘मुसलमान असुरक्षित, दाढ़ी वालों को कब कौन मार दे, नहीं पता’

समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अबू आजमी

Maharashtra News: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अबू आजमी ने विधान भवन में ऐसा बयान दिया है, जिसके बाद सियासी पारा चढ़ गया है। अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाले आजमी ने इस बार राज्य में कानून-व्यवस्था और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।

मुसलमानों के लिए सड़क पर चलना मुश्किल

विधान भवन में बोलते हुए अबू आजमी ने कहा कि वर्तमान माहौल में मुसलमान खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा  कि आज ऐसा माहौल बन चुका है कि कौन कब हमला कर दे, कुछ कहा नहीं जा सकता। दाढ़ी, कुर्ता-टोपी पहनकर निकलने वाले को कब कौन मार दे, यह भी निश्चित नहीं है। उन्होंने दावा किया कि राज्य के कई हिस्सों में इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, जहां मुस्लिम समुदाय के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। अबू आजमी ने अपने बयान में हाल की कुछ घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि ये बढ़ती नफरत की ओर इशारा करती हैं। उन्होंने पुणे में इफ्तार के दौरान हमले, अकोला में एक 17 वर्षीय युवक की हत्या और नांदेड़ में ईद के दिन हुए संदिग्ध मोटरसाइकिल विस्फोट जैसी घटनाओं का उल्लेख किया। उनका कहना है कि ये घटनाएं समाज में बढ़ती असहिष्णुता और तनाव को दर्शाती हैं।

सरकार से की सख्त कार्रवाई की मांग

सपा नेता ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्थिति लगातार बिगड़ रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मांग की कि हेट क्राइम के खिलाफ कड़े और त्वरित कदम उठाए जाएं, ताकि सभी समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। गौरतलब है कि इससे पहले भी अबू आजमी अपने एक बयान को लेकर चर्चा में आए थे, जिसमें उन्होंने फिल्म धुरंधर 2 पर सवाल उठाए थे। उनका आरोप था कि इस फिल्म के जरिए मुसलमानों की छवि खराब करने की कोशिश की गई है। उन्होंने कहा कि देश में कई ऐतिहासिक घटनाएं और दंगे हुए हैं, जिन पर फिल्म बनाई जा सकती थी, लेकिन इस तरह की फिल्मों के जरिए एक विशेष समुदाय को निशाना बनाना ठीक नहीं है।

ये भी पढ़े… ‘आपका वीडियो मेरा पास है, तुम्हें तो मैं देख लूंगा…’ योगी के इंस्पेक्टर को अखिलेश यादव ने दी धमकी!