Maharashtra News: महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। राज्य में 1 जून से 8 जुलाई के बीच बारिश से जुड़ी घटनाओं में 62 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 74 लोग घायल हुए हैं। सबसे अधिक 25 लोगों की जान इमारत और दीवार ढहने की घटनाओं में गई है।
इमारत ढहने और बिजली गिरने से सबसे ज्यादा मौतें
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, 25 लोगों की मौत इमारत ढहने, 23 लोगों की मौत आकाशीय बिजली गिरने, 6 लोगों की मौत पेड़ गिरने, 6 लोगों की मौत भूस्खलन और 2 लोगों की मौत बाढ़ में डूबने से हुई है। बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक करीब 200 पशुओं की भी मौत दर्ज की गई है।
Maharashtra News: मुंबई-ठाणे समेत कई जिलों में भारी बारिश
पिछले 24 घंटों में ठाणे में 196.9 मिमी, पालघर में 185.4 मिमी, रायगढ़ में 134.1 मिमी, मुंबई उपनगर में 125 मिमी और पुणे में 69.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। कई जिलों में सामान्य से कई गुना अधिक वर्षा दर्ज होने के कारण नदियां उफान पर हैं और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
समुद्री तट पर रेड अलर्ट
भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (INCOIS) ने महाराष्ट्र के पूरे समुद्री तट के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों को समुद्र तट से दूर रहने और मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है। मुंबई में गुरुवार को सुबह 7 बजे और शाम 6:09 बजे हाई टाइड आने की संभावना जताई गई है।
Maharashtra News: प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, जर्जर इमारतों और पेड़ों के नीचे न रुकने तथा प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। कई संवेदनशील इलाकों में हाई अलर्ट जारी कर राहत एवं बचाव दलों को तैनात किया गया है।
रेल सेवाएं सामान्य
पश्चिम रेलवे के अनुसार, भारी बारिश के बावजूद उपनगरीय रेल सेवाएं फिलहाल सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। रेलवे ट्रैक पर जलभराव नहीं है और किसी भी रूट पर स्पीड प्रतिबंध लागू नहीं किया गया है। हालांकि नालासोपारा और वसई रोड के पास ट्रैक ऊंचा करने तथा जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने का काम जारी है।








