Home » महाराष्ट्र » ‘सत्ता का नशा या ऑपरेशन टाइगर?’ शिंदे पर संजय राउत का तीखा तंज, बयान से मची हलचल

‘सत्ता का नशा या ऑपरेशन टाइगर?’ शिंदे पर संजय राउत का तीखा तंज, बयान से मची हलचल

Maharashtra News: महाराष्ट्र में चर्चित ‘ऑपरेशन टाइगर’ को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उनके बयानों को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है, क्योंकि वह सत्ता और पैसे के बल पर ऐसी बातें कर रहे हैं।

‘शिंदे बड़े नेता नहीं, बेईमान नेता हैं’

संजय राउत ने कहा कि एकनाथ शिंदे ने शिवसेना को तोड़कर विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा, “वह कोई बड़े नेता नहीं हैं, बल्कि एक बेईमान नेता हैं जिन्होंने उन्हें राजनीतिक पहचान देने वाले मंच के साथ धोखा किया।” राउत ने पश्चिम बंगाल के नेता सुवेंदु अधिकारी का भी जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे नेताओं के बयानों को अधिक महत्व नहीं दिया जाना चाहिए।

Maharashtra News: ‘सत्ता और पैसा गया तो जनता जवाब देगी’

राउत ने कहा कि जब तक ऐसे नेताओं के हाथ में सत्ता और पैसा है, तब तक वे इस तरह के बयान देते रहेंगे। उन्होंने तीखा तंज कसते हुए कहा कि “जिस दिन सत्ता और पैसा उनके हाथ से निकल जाएगा, उस दिन जनता उनके बदन पर कपड़े भी नहीं रहने देगी।”

शिंदे ने दिया था ‘ट्रेलर’ वाला बयान

राउत की प्रतिक्रिया एकनाथ शिंदे के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने शिवसेना और महायुति की मजबूती का दावा करते हुए कहा था कि “यह सिर्फ ट्रेलर है, पूरी फिल्म अभी बाकी है।” शिंदे ने पार्टी के 60वें स्थापना दिवस पर कहा था कि उनके सभी सांसद और विधायक उनके साथ मजबूती से खड़े हैं।

Maharashtra News: मोदी और शाह की भी की थी तारीफ

अपने संबोधन में एकनाथ शिंदे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्वच्छ छवि वाला नेता बताते हुए कहा था कि उन्होंने हिंदुत्व और राष्ट्रहित से जुड़े कई ऐसे फैसले लिए, जो बालासाहेब ठाकरे का सपना थे। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की भी सराहना करते हुए अनुच्छेद 370 हटाने और नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई का उल्लेख किया था।

क्या है ‘ऑपरेशन टाइगर’?

महाराष्ट्र की राजनीति में ‘ऑपरेशन टाइगर’ उस कथित अभियान को कहा जा रहा है, जिसके तहत एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना, उद्धव ठाकरे गुट के सांसदों और नेताओं को अपने पाले में लाने की कोशिश कर रही है। इसी चर्चा के बीच दोनों गुटों के बीच जुबानी जंग लगातार तेज होती जा रही है।

ये भी पढ़े… नागपुर के छात्र को अबूधाबी में मिला परीक्षा सेंटर, राहुल गांधी भड़के- ‘NTA को परीक्षा करवाने का अधिकार नहीं!’