NEET Re-Exam: NEET री-एग्जाम 2026 से पहले नागपुर के एक छात्र को गलती से अबूधाबी (UAE) में परीक्षा केंद्र आवंटित किए जाने के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ऐसी व्यवस्था को परीक्षा कराने का कोई अधिकार नहीं है।
‘न पासपोर्ट, न विदेश भेजने के पैसे’
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि नागपुर का एक छात्र पिछले एक महीने से NEET री-एग्जाम की तैयारी कर रहा था, लेकिन परीक्षा से एक दिन पहले एडमिट कार्ड डाउनलोड करने पर उसे अबूधाबी परीक्षा केंद्र मिला। उन्होंने कहा कि छात्र के पास न तो पासपोर्ट है, न ही परिवार के पास विदेश भेजने के लिए पैसे और अब परीक्षा तक पहुंचने का समय भी नहीं बचा। राहुल गांधी ने लिखा, “वह पूरी रात रोता रहा और परीक्षा देने से ही मना कर रहा है। क्या इस मानसिक तनाव की कल्पना भी की जा सकती है?”
NEET Re-Exam: NTA पर उठाए गंभीर सवाल
कांग्रेस सांसद ने सवाल उठाया कि आखिर इतनी बड़ी गलती कैसे हुई। उन्होंने कहा कि “जो सिस्टम अपने ही शहर में परीक्षा केंद्र नहीं दे सकता और छात्र को विदेश भेज देता है, उसे परीक्षा कराने का कोई हक नहीं है।” उन्होंने आरोप लगाया कि NTA छात्रों और उनके अभिभावकों के धैर्य की परीक्षा ले रही है।
‘बच्चों के भविष्य के साथ जुआ बंद करें’
राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने कोटा में भी शिक्षा व्यवस्था को लेकर यही मुद्दा उठाया था। उनके अनुसार यह केवल परीक्षा का मामला नहीं, बल्कि पूरी पीढ़ी के समय, पैसे और मानसिक शांति के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने सरकार से संवेदनशील, जवाबदेह और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
NEET Re-Exam: NTA ने दिया आश्वासन
मामले के सामने आने के बाद NTA ने सफाई देते हुए कहा कि शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। एजेंसी के अनुसार आवश्यक सत्यापन के बाद छात्र को नागपुर में ही नया परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया जाएगा, ताकि वह 21 जून को होने वाली NEET री-एग्जाम में शामिल हो सके।
नागपुर का एक बच्चा एक महीने से NEET re-exam की तैयारी कर रहा था।
कल परीक्षा से ठीक एक दिन पहले उसने admit card डाउनलोड किया। उसका सेंटर निकला – अबू धाबी।
न पासपोर्ट, न परिवार के पास विदेश भेजने के पैसे, न अब कोई वक़्त बचा है। वो रातभर रोता रहा, और परीक्षा देने से ही मना कर रहा… https://t.co/TJOHUBnFDB
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) June 20, 2026
ये भी पढ़े… टीएमसी नेता जहांगीर खान की पत्नी भारत-नेपाल सीमा पर गिरफ्तार, फरार चल रही थी








