Maharashtra Politics: शिवसेना (यूबीटी) के छह सांसदों के एकनाथ शिंदे गुट में शामिल होने के बाद पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शनिवार को पहली बार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बागी सांसदों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उन्हें अब इस बात पर शर्म आती है कि ये नेता कभी उनके साथ थे और जनता के भरोसे से चुने जाने के बाद उन्होंने साथ छोड़ दिया।
शिवसैनिक आज भी मेरे साथ मजबूती से खड़ी है – उद्धव ठाकरे
उद्धव ठाकरे ने कहा, “शिवसैनिक आज भी मेरे साथ मजबूती से खड़े हैं। आप सब उनका व्यवहार देख रहे हैं। अब मुझे शर्म आती है कि ये लोग कभी हमारे साथ कैसे रहे।” उन्होंने कहा कि बागी सांसद उनकी लोकप्रियता और पार्टी के समर्थन से चुनाव जीतकर संसद पहुंचे थे। “ये सांसद मेरी वजह से चुने गए थे। आज कहते हैं कि मेरे साथ रहने से कोई फायदा नहीं था, लेकिन जीत तो मेरी वजह से ही मिली थी।” बागी नेताओं पर हमला जारी रखते हुए उद्धव ने कहा, “किसानों के भविष्य की कोई गारंटी नहीं है, लेकिन इन सांसदों के पास झूठ की गारंटी जरूर है।” उन्होंने संकेत दिया कि जनता ऐसे नेताओं को समय आने पर जवाब देगी।
Maharashtra Politics: फडणवीस से मुलाकात पर क्या बोले?
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से हालिया मुलाकात पर उद्धव ठाकरे ने कहा कि दोनों के बीच एक उच्चस्तरीय बैठक हुई थी। उन्होंने कहा, “कल की बैठक की असली रिपोर्ट आने वाले दिनों में सामने आ जाएगी।”
एक ही फ्लाइट में दिखे थे दोनों नेता
शुक्रवार को महाराष्ट्र की राजनीति में उस समय हलचल मच गई थी, जब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उद्धव ठाकरे मुंबई से नागपुर जाने वाली एक ही फ्लाइट में साथ सफर करते नजर आए। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे का अभिवादन किया और संक्षिप्त बातचीत भी की।
उसी विमान में आदित्य ठाकरे, संजय राउत, अनिल देसाई और विनायक राउत सहित शिवसेना (यूबीटी) के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया, जब हाल ही में छह सांसद शिंदे गुट में शामिल हुए हैं और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ‘ऑपरेशन टाइगर’ अभी खत्म नहीं होने का दावा कर चुके हैं।
ये भी पढ़े… मुरैना हत्याकांड: पति ने पत्नी और दो बच्चों की कुल्हाड़ी से हत्या, बाद में ट्रेन के आगे कूदकर दी जान








