Home » Breaking News » मुंबई में भारी बारिश से तीन मंजिला चॉल ढहा, पांच बच्चों सहित छह की मौत, सीएम ने जताया दुख

मुंबई में भारी बारिश से तीन मंजिला चॉल ढहा, पांच बच्चों सहित छह की मौत, सीएम ने जताया दुख

MAHRASTRA NEWS: लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मुंबई के मानखुर्द स्थित जनता नगर इलाके में रविवार को तीन मंजिला चॉल ढहने से बड़ा हादसा हो गया। मलबे में दबकर पांच बच्चों और एक महिला सहित छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड, पुलिस और बीएमसी की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

सीएम ने जताया दुख, आर्थिक सहायता की घोषणा

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि राज्य सरकार मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

MAHRASTRA NEWS: मेयर ने अस्पताल पहुंचकर लिया हालचाल

मुंबई मेयर कार्यालय के अनुसार हादसे के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने गोवंडी अस्पताल पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और राहत कार्यों की जानकारी ली।

अवैध निर्माण की होगी जांच

महाराष्ट्र के जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन ने कहा कि भारी बारिश के कारण यह हादसा हुआ है। उन्होंने बताया कि इलाके में अवैध निर्माण की शिकायतें हैं और पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

MAHRASTRA NEWS: अबू आजमी ने प्रशासन को ठहराया जिम्मेदार

समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आजमी ने हादसे के लिए नगर निगम प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1995 के बाद अवैध झोपड़ियां बनने से रोकने की घोषणा के बावजूद बड़ी संख्या में निर्माण हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि कथित रूप से पैसे लेकर झोपड़ियां बसने दी गईं। उन्होंने मांग की कि जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कर जर्जर बस्तियों में रहने वाले लोगों का सुरक्षित पुनर्वास किया जाए।

ये भी पढे़… बृजभूषण शरण सिंह का दावा ! राम मंदिर सुरक्षा, चढ़ावा विवाद और यौन शोषण केस पर दिए कई बड़े बयान