Malaysia PM Anwar Ibrahim: मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने शनिवार को नई दिल्ली में आयोजित BRICS समिट के डिनर के दौरान हिंदी फिल्मों के मशहूर गाने गाए। उन्होंने किशोर कुमार का लोकप्रिय गीत ‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत…’ गाया। इसके अलावा उन्होंने मुकेश का गाना ‘दोस्त दोस्त ना रहा…’ भी गुनगुनाया। अनवर इब्राहिम ने इस दौरान गाते हुए अपना करीब डेढ़ मिनट का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, “गुरु, थोड़ा सा गाने की इजाजत है?”
Malaysia PM Anwar Ibrahim: ‘तीन देवियां’ और ‘संगम’ के गाने गाए
अनवर इब्राहिम ने जिस ‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत…’ गाने को गाया, वह 1965 में रिलीज हुई फिल्म ‘तीन देवियां’ का है। इस गीत को किशोर कुमार ने अपनी आवाज दी थी, जबकि इसका संगीत एसडी बर्मन ने तैयार किया था। गाने के बोल मजरूह सुल्तानपुरी ने लिखे थे।वहीं, ‘दोस्त दोस्त ना रहा…’ गीत फिल्म ‘संगम’ का है। इसे गायक मुकेश ने गाया था। इस गाने का संगीत शंकर-जयकिशन ने दिया था और इसके बोल शैलेंद्र ने लिखे थे।

पहले भी किशोर कुमार का गाना गा चुके हैं अनवर
अनवर इब्राहिम पहले भी कई बार किशोर कुमार के प्रति अपनी पसंद जाहिर कर चुके हैं। साल 2024 में भारत में दिए एक इंटरव्यू के दौरान भी उन्होंने ‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत…’ गाना गुनगुनाया था।इसके अलावा फरवरी 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मलेशिया यात्रा के समय अनवर इब्राहिम ने एक आधिकारिक वीडियो मोंटाज भी साझा किया था। इसमें फिल्म ‘कभी खुशी कभी गम’ का लोकप्रिय गाना ‘बोले चूड़ियां’ इस्तेमाल किया गया था।

Malaysia PM Anwar Ibrahim: मलेशिया में भारतीय फिल्मों की अच्छी लोकप्रियता
विदेश मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, मलेशिया में करीब 27.5 लाख भारतीय मूल के लोग रहते हैं। यह देश की कुल आबादी का लगभग 9% है। इनमें करीब 20 लाख लोग तमिल भाषा बोलते हैं। मलेशिया में बॉलीवुड के साथ-साथ तमिल फिल्मों को भी काफी पसंद किया जाता है।शाहरुख खान की फिल्म ‘दिलवाले’ ने मलेशिया में करीब 29 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। वहीं उनकी फिल्म ‘जवान’ ने करीब 22 करोड़ रुपये और ‘पठान’ ने लगभग 9 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
तमिल फिल्मों के लिए भी मलेशिया एक बड़ा बाजार है। साल 2025 में रिलीज हुई रजनीकांत की ‘कुली’ ने वहां करीब 26-27 करोड़ रुपये कमाए थे। वहीं अजित कुमार की ‘गुड बैड अग्ली’ ने करीब 22 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।साल 2026 में रिलीज हुई सूर्या की फिल्म ‘करुप्पु’ भी करीब 22 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ मलेशिया में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों में शामिल है। इसके अलावा विजय की ‘गोट’ ने करीब 32 करोड़ रुपये और शिवकार्तिकेयन की ‘अमरन’ ने लगभग 26 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।

Malaysia PM Anwar Ibrahim: 2022 में बने थे मलेशिया के प्रधानमंत्री
अनवर इब्राहिम मलेशिया के 10वें प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने 24 नवंबर 2022 को प्रधानमंत्री पद संभाला था। इससे पहले वह साल 1993 में मलेशिया के 7वें डिप्टी प्रधानमंत्री बने थे।साल 1998 में तत्कालीन प्रधानमंत्री महाथिर मोहम्मद ने अनवर इब्राहिम को सभी सरकारी पदों से हटा दिया था। इसके बाद अप्रैल 1999 में उन्हें भ्रष्टाचार और समलैंगिकता के आरोपों में जेल भेज दिया गया। साल 2004 में उनकी सजा पलटने के बाद उन्हें जेल से रिहा किया गया।रिहाई के बाद अनवर इब्राहिम 2008 से 2015 तक विपक्ष के नेता रहे। इसके बाद साल 2022 के आम चुनाव में जीत हासिल करने के बाद उन्होंने मलेशिया के प्रधानमंत्री का पद संभाला।








