Mamata Banerjee Retirement: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राजनीति से संन्यास लेने को लेकर बड़ा बयान दिया है। फेसबुक लाइव के दौरान उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। ममता बनर्जी ने कहा कि वह अभी राजनीति से संन्यास नहीं लेंगी और भाजपा के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का ‘हनीमून पीरियड’ चल रहा है, लेकिन जब तक भाजपा को बंगाल की राजनीति में हाशिए पर नहीं पहुंचा देंगी, तब तक वह सांस नहीं लेंगी और राजनीति से संन्यास नहीं लेंगी।
Mamata Banerjee Retirement: भाजपा पर लगाया लोगों को डराने का आरोप-
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने बंगाल के लोगों को डराकर वोट हासिल किए हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के लोगों ने भाजपा का असली चेहरा देख लिया है और भाजपा अपने मंसूबों में ज्यादा समय तक कामयाब नहीं हो पाएगी।
कब लेंगी राजनीति से संन्यास-
ममता बनर्जी ने कहा कि कुछ लोग चाहते हैं कि वह दबाव में आकर राजनीति से संन्यास ले लें, लेकिन ऐसा सोचने वाले गलतफहमी में हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ उनकी लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक भाजपा बंगाल की राजनीति से पीछे नहीं हटती।उन्होंने पुलिस कार्रवाई का भी मुद्दा उठाया और दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) के 12 हजार से 14 हजार कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामले दर्ज किए जा चुके हैं।
जाधवपुर यूनिवर्सिटी विवाद का भी किया जिक्र-
ममता बनर्जी ने जाधवपुर यूनिवर्सिटी विवाद का जिक्र करते हुए भाजपा पर कैंपस में बने प्रतीक चिह्न को नुकसान पहुंचाकर हंगामा कराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक आंदोलनों की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है।
जनगणना और NRC को लेकर उठाए सवाल-
ममता बनर्जी ने जनगणना को लेकर भी केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जनगणना के जरिए गुप्त तरीके से NRC लागू करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने लोगों से जनगणना फॉर्म भरते समय सावधानी बरतने की अपील की। ममता ने कहा कि निजी जानकारी देने से पहले लोगों को इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि उनकी जानकारी का इस्तेमाल किस तरह किया जाएगा।
SIR को लेकर भी केंद्र पर हमला-
फेसबुक लाइव के दौरान ममता बनर्जी ने विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR के नाम पर लाखों मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जा रहे हैं। ममता बनर्जी ने कहा कि जरूरत पड़ने पर वह वोटर लिस्ट से नाम हटाए गए लोगों को साथ लेकर सुप्रीम कोर्ट जाएंगी। उन्होंने बंगाल में भाजपा पर ‘बुलडोजर की राजनीति’ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह राजनीति राज्य में लंबे समय तक नहीं चलने वाली।
यह भी पढ़े- Census 2027: जनगणना में नहीं जुटाया जाएगा भिखारियों और आवारा लोगों का डेटा








