Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक हिंदू युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने और धर्म परिवर्तन कर निकाह कराने के आरोप में मुस्लिम युवक के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। युवती के पिता की शिकायत पर गोवर्धन थाना पुलिस ने मुखराई गांव निवासी मुस्ताक खान के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी युवक और युवती की तलाश में जुटी है।
18 सितंबर को युवती को साथ ले जाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, राधाकुंड चौकी क्षेत्र के एक गांव की युवती को मुखराई निवासी मुस्ताक खान 18 सितंबर को अपने साथ ले गया था। युवती के परिजनों ने आरोप लगाया कि उसे बहला-फुसलाकर ले जाने के बाद धर्म परिवर्तन कराया गया और फिर निकाह कर लिया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने उत्तर प्रदेश धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 और 5 के साथ बीएनएस की धारा 87 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
Mathura News: आरोपी की तलाश में पुलिस की दबिश
सीओ गोवर्धन अनिल कुमार सिंह के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस युवती का भी पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि युवती के बरामद होने के बाद उसके बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी के गांव पहुंचे युवती के परिजन
आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज युवती के परिजन और ग्रामीण गुरुवार को मुखराई गांव पहुंच गए। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। सीओ गोवर्धन के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और कार्रवाई का भरोसा दिया। स्थिति को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Mathura News: दो घंटे चली पंचायत, बहिष्कार का फैसला
मामले को लेकर गुरुवार देर शाम मुखराई गांव में ग्रामीणों की पंचायत हुई। करीब दो घंटे चली पंचायत में ग्रामीणों ने आरोपी मुस्ताक खान और उसके परिवार के सामाजिक बहिष्कार का फैसला लिया। ग्रामीण मानपाल चौधरी और रामबाबू लख्खी के मुताबिक, पंचायत में यह भी तय किया गया कि आरोपी के परिवार की मदद करने वाले व्यक्ति का भी बहिष्कार किया जाएगा। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़वाने में पुलिस की मदद करने की बात कही है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल पुलिस मुखराई गांव में स्थिति पर नजर बनाए हुए है। आरोपी की तलाश के साथ युवती की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस धर्म परिवर्तन और निकाह से जुड़े आरोपों की भी जांच कर रही है।









