Michael Hussey: इंग्लैंड टेस्ट टीम के कोचिंग सेटअप को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज माइकल हसी ने इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) के बैटिंग कोच बनने का प्रस्ताव ठुकरा दिया है। हसी को इंग्लैंड के नए हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने इस भूमिका के लिए अप्रोच किया था। माइकल हसी फिलहाल आईपीएल फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कोचिंग सेटअप का हिस्सा हैं और टीम के बैटिंग कोच की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इसके अलावा वह अलग-अलग फ्रेंचाइजी के साथ कोचिंग और फॉक्स क्रिकेट के लिए कमेंट्री भी करते हैं।
Michael Hussey: स्टीफन फ्लेमिंग ने किया था अप्रोच-
स्टीफन फ्लेमिंग हाल ही में इंग्लैंड टेस्ट टीम के हेड कोच नियुक्त किए गए हैं। फ्लेमिंग ने अपने कोचिंग स्टाफ में माइकल हसी को बैटिंग कोच के तौर पर शामिल करने की कोशिश की थी। हालांकि, द गार्जियन की रिपोर्ट के मुताबिक हसी ने ECB के प्रस्ताव को स्वीकार करने से इनकार कर दिया है। रिपोर्ट के अनुसार, हसी क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के साथ पार्ट-टाइम कंसल्टेंट की भूमिका में काम कर सकते हैं। इस भूमिका में उन्हें अपने अन्य पेशेवर काम जारी रखने की छूट होगी।
Michael Hussey: 2022 में इंग्लैंड के साथ कर चुके हैं काम-
माइकल हसी इससे पहले भी इंग्लैंड क्रिकेट टीम के साथ काम कर चुके हैं। साल 2022 में ऑस्ट्रेलिया में आयोजित ICC पुरुष T20 वर्ल्ड कप के दौरान हसी इंग्लैंड टीम के पार्ट-टाइम कंसल्टेंट थे। उस टूर्नामेंट में इंग्लैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में पाकिस्तान को हराकर खिताब अपने नाम किया था।
ट्रेस्कोथिक को मिल सकता है फायदा-
माइकल हसी के प्रस्ताव ठुकराने के बाद ECB मौजूदा बैटिंग कोच मार्कस ट्रेस्कोथिक को इस पद पर बरकरार रख सकता है। ट्रेस्कोथिक फिलहाल पाकिस्तान के खिलाफ जारी तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड के कार्यवाहक हेड कोच की भूमिका निभा रहे हैं। उनकी देखरेख में इंग्लैंड ने शुरुआती दोनों टेस्ट मैच जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली है।
फ्लेमिंग की नजर 2027 एशेज पर-
पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज खत्म होने के बाद स्टीफन फ्लेमिंग इंग्लैंड के टेस्ट कोचिंग सेटअप से जुड़ेंगे। वह दिसंबर 2026 में दक्षिण अफ्रीका दौरे से हेड कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके बाद इंग्लैंड को 2027 में ऑस्ट्रेलिया की धरती पर एशेज सीरीज खेलनी है। यह सीरीज इंग्लैंड के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगी और इस दौरान फ्लेमिंग की रणनीति पर सभी की नजरें रहेंगी।
यह भी पढ़े- सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला: BCI अब AG और SG की सलाह के बिना नहीं ले सकेगा नीतिगत फैसले






