Mk Stalin News: तमिलनाडु की राजनीति में सियासी घमासान तेज हो गया है। द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (DMK) अध्यक्ष एमके स्टालिन ने मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय और उनकी पार्टी टीवीके (TVK) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी की तर्ज पर विधायकों की खरीद-फरोख्त की राजनीति कर रहे हैं।
DMK की महिला विंग की परामर्श बैठक को संबोधित करते हुए स्टालिन ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री विजय अन्नाद्रमुक (AIADMK) के विधायकों को अपने पक्ष में लाने की कोशिश कर रहे हैं और यह लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
“विधायकों की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं मुख्यमंत्री”
स्टालिन ने कहा कि आम लोग बाजार में कपड़े और घरेलू सामान खरीदते हैं, लेकिन मुख्यमंत्री विजय अन्नाद्रमुक के विधायकों की खरीद-फरोख्त में लगे हुए हैं।उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या मुख्यमंत्री को अपनी ही सरकार पर भरोसा नहीं है या फिर उन दलों पर विश्वास नहीं है जो उनकी सरकार का समर्थन कर रहे हैं।
Mk Stalin News: “पहले समर्थन लिया, फिर पार्टी में शामिल किया”
DMK प्रमुख ने आरोप लगाया कि पहले अन्नाद्रमुक विधायकों से टीवीके के पक्ष में मतदान करवाया गया और बाद में उनसे इस्तीफा दिलाकर पार्टी में शामिल कर लिया गया। उन्होंने कहा कि यह वही राजनीतिक तरीका है जिसका इस्तेमाल भाजपा दूसरे राज्यों में करती रही है।
“TVK बन गई BJP की ज़ेरॉक्स कॉपी”
स्टालिन ने कहा कि मुख्यमंत्री विजय का व्यवहार भाजपा जैसा होता जा रहा है। उन्होंने कहा, “टीवीके अब बीजेपी की ज़ेरॉक्स कॉपी की तरह काम कर रही है। जिन दलों ने उनका समर्थन किया था, वे अब जनता के सवालों का जवाब देने में असहज महसूस कर रहे हैं।”
Mk Stalin News: महिलाओं की सुरक्षा पर भी घेरा
स्टालिन ने राज्य में कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले विजय महिलाओं की सुरक्षा की बात करते थे, लेकिन अब उनके ही कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप लग रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में श्रीवैकुंटम में सत्ताधारी दल के एक कार्यकर्ता पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है, जो सरकार के दावों पर सवाल खड़ा करता है।
“अपराध बढ़े, जनता निराश”
DMK अध्यक्ष ने कहा कि तमिलनाडु में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और लगभग हर दिन गंभीर अपराधों की खबरें सामने आ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि टीवीके को वोट देने वाले कई मतदाता अब अपने फैसले पर पछता रहे हैं। स्टालिन के इस बयान के बाद तमिलनाडु की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज होने की संभावना है, जबकि टीवीके की ओर से इन आरोपों पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
ये भी पढ़े… होर्मुज खुलेगा, प्रतिबंधों में मिलेगी ढील! जानिए ईरान और अमेरिका डील में क्या-क्या तय हुआ








